राहुल गांधी ने झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर बल प्रयोग की निंदा की, कहा- राज्य सरकार बात सुने और समाधान करे

राहुल गांधी ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ हिंसा की निंदा करते हैं। यह मायने नहीं रखता कि यह कहां हो रहा है, इसकी निंदा करते हैं। हम हिंसा की सलाह नहीं देते, हम इसका समर्थन नहीं करते। हमें इसको लेकर कोई असमंजस नहीं है।

राहुल गांधी ने झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर बल प्रयोग की निंदा की, कहा- सरकार बात सुने और समाधान करे (फोटोः विपिन)
i

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को झारखंड में विधानसभा की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारी छात्रों पर बल प्रयोग की खबरों की निंदा की और कहा कि राज्य सरकार को छात्रों से बातचीत करके समस्या का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ हिंसा के खिलाफ है। राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार में कांग्रेस भी शामिल है।

छात्रों के खिलाफ हिंसा गलत, चाहे कहीं हो

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ हिंसा की निंदा करती है, चाहे ऐसी घटना कहीं भी हुई हो। उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड के छात्रों के लिए मुझे यही कहना है कि हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ हिंसा की निंदा करते हैं। यह मायने नहीं रखता कि यह कहां हो रहा है, हम इसकी निंदा करते हैं। हम इसकी (हिंसा) सलाह नहीं देते, हम इसका समर्थन नहीं करते। हमें इसको लेकर कोई असमंजस नहीं है।’’


बातचीत से ही समाधान निकल सकता है

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जब प्रदर्शन शांतिपूर्वक हो रहा है तब हम उसके विरूद्ध हिंसा का प्रयोग करने के खिलाफ हैं।’’ उन्होने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘झारखंड में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल गलत है। छात्रों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है और बातचीत से ही समाधान निकल सकता है। झारखंड सरकार को इन छात्रों की बात सुननी चाहिए और हर समस्या का तुरंत समाधान करना चाहिए।’’

कुछ जगह पुलिस ने बल प्रयोग किया

इससे पहले आज रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विधानसभा मार्च के दौरान अवरोधक तोड़ दिए और राज्य विधानसभा तक पहुंचने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने भी काफी संयम से काम लिया, लेकिन कुछ जगहों पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए उनपर पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और कुछ जगह लाठीचार्ज किया।

इसे भी पढ़ेंः प्रेस कॉन्फ्रेंस में गरजे राहुल गांधी और खड़गे, 'शाह बताएं, छात्रों पर पैलेट गन चलाने का फरमान किसका था?'


विधानसभा तक पहुंचे छात्र

कई प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई में वे घायल हो गए। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब प्रदर्शनकारी नए विधानसभा परिसर की ओर जाने वाले मार्ग पर जगन्नाथपुर मंदिर के पास अंतिम अवरोधक तक पहुंच गए। वर्तमान में झारखंड विधानसभा का सत्र चल रहा है। इस गहमागहमी के बीच दोपहर में विधानसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

इसे भी पढ़ेंः कांग्रेस ने छात्रों पर बिहार पुलिस की ‘बर्बरता’ का सबूत पेश किया, सम्राट और शाह को हटाने की मांग की