राहुल गांधी की मोदी सरकार से सीधी मांग, पेट्रोल-डीजल पर मुनाफाखोरी बंद कर फौरन दाम घटाएं

देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने आज राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन किया और कई राज्यों में गिरफ्तारियां दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार से मांग की है कि वह पेट्रोल-डीजल से मुनाफाखोरी बंद करे और तत्काल बढ़े दाम घटाए।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश में पिछले कई दिनों से जारी पेट्रोल-डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ आज कांग्रेस ने पूरे देश में सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। पूरे देश में जोरदार विरोध-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार को एक तरह से चेतावनी देते हुए मांग की है कि वह पेट्रोल-डीजल से मुनाफाखोरी बंद करे और तत्काल दाम घटाए। बता दें कि कोरोना संकट के चलते लगे लॉकडाउन के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब तक 22 बार बढ़ाई गई हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश में कहा, "डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि से दो तरीके से चोट लगती है। एक जो आप सीधे भुगतान करते हैं, और दूसरा उपभोक्ता उत्पादों की कीमतों में वृद्धि के कारण, जिनमें आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।" उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार ने बड़े लोगों के ऋण को कम कर दिया है, दूसरी ओर यह तेल की कीमतों से मुनाफाखोरी की कोशिश कर रही है और गरीब-किसान पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि कोरोनो वायरस महामारी के कारण देश में आर्थिक सुनामी आया हुआ है। अमीर और गरीब सहित सभी प्रभावित हुए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने सरकार से गरीबों की मदद करने के लिए न्याय (न्यूनतम आय योजना) लागू करने का आग्रह किया था लेकिन सरकार ने नहीं सुना।

बता दें कि कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ रहे दामों के खिलाफ जमीन पर प्रदर्शन के साथ ही #SpeakUpAgainstFuelHike डिजिटल कैंपेन भी शूरू किया है। इसके तहत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी आज एक वीडियो संदेश जारी किया और लोगों से पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

वहीं तेल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ आज पूरे देश में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। दिल्ली, कर्नाटक, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार को कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। इस दौरान कई राज्यों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर प्रदर्शन रोकने की भी कोशिश की गई, लेकिन फिर भी विरोध-प्रदर्शन नहीं रुका और कांग्रेस ने अपना विरोध दर्ज कराया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 29 Jun 2020, 6:10 PM