राहुल गांधी ने ऑटोरिक्शा चालकों से की बातचीत, संसद में उनकी समस्याओं को उठाने का वादा किया
राहुल गांधी एक ऑटो चालक की वर्दी में बच्चों के साथ सेल्फी लेते हुए भी नजर आए। उन्होंने ऑटो चालकों के साथ भोजन किया और दिक्कतों के बारे में उनकी बातें सुनीं। उन्होंने कहा कि वे उनकी शिकायतें सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने संसद में उठाएंगे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को राजधानी दिल्ली के बंगाली मार्केट क्षेत्र के टोडरमल पार्क इलाके में ऑटोरिक्शा चालकों के एक समूह से बातचीत की और उनकी तकलीफों को जाना। उन्होंने ऑटोरिक्शा चालकों को आश्वासन दिया कि वे संसद में उनकी समस्याओं को उठाएंगे।
बातचीत के बाद राहुल गांधी एक ऑटोरिक्शा चालक की वर्दी पहनकर बच्चों के साथ सेल्फी लेते हुए भी नजर आए। उन्होंने ऑटो चालकों के साथ भोजन किया और बढ़ती महंगाई के बीच आजीविका चलाने में आ रही दिक्कतों के बारे में उनकी बातें सुनीं। इसके बाद वह एक ऑटोरिक्शा में बैठकर वहां से चले गए।
राहुल गांधी से मुलाक़ात के बाद एक ऑटो ड्राइवर ने कहा कि आज हम लोग राहुल गांधी जी से मिले। जब हम खाना खा रहे थे, तभी वे आ गए। उन्होंने हमारे साथ खाना भी खाया और बातचीत की। राहुल गांधी जी ने हम सभी की समस्याएं पूछी तो हमने बताया कि हमारे बच्चे पढ़-लिख लिए हैं, लेकिन उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने हमें आश्वासन दिया कि वे संसद में हमारे मुद्दे उठाएंगे।
ऑटोरिक्शा चालक रमेश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से बातचीत की और उन्हें अपने कारोबार में आई मंदी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उनके बच्चों की शिक्षा, दैनिक आय और भोजन के प्रबंध के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा, ‘‘हमने राहुल गांधी जी के साथ सादा भोजन किया जिसमें दाल, रोटी और सब्जी शामिल थी।’’
एक अन्य चालक अरिंदर कुमार शाह ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस नेता को महंगाई, विशेषकर पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बोझ के बारे में बताया, जिससे जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी ने चालकों की मदद का वादा किया और कहा कि वे हमारी शिकायतें सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने संसद में उठाएंगे। हम सबने रोटी और बिहार की खास आलू की सब्जी खाई।’
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
