'सवाल पूछने पर देशद्रोही बता दिया गया', वेदांत समेत छात्रों से मिले राहुल गांधी, मोदी सरकार पर साधा निशाना
CBSE मूल्यांकन विवाद के बीच राहुल गांधी ने छात्र वेदांत और अन्य छात्रों से मुलाकात की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सवाल उठाने वाले छात्रों को निशाना बनाया गया।

CBSE की परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्र वेदांत और उनके साथियों से मुलाकात की। कांग्रेस ने दावा किया कि छात्रों ने CBSE और केंद्र सरकार से अपनी शंकाओं को लेकर सवाल पूछे थे, लेकिन उन्हें जवाब मिलने के बजाय अपमान, ट्रोलिंग और आरोपों का सामना करना पड़ा। पार्टी ने इस मुलाकात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया, जिसमें राहुल गांधी छात्रों से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
'युवाओं बात सुनी जानी चाहिए'
कांग्रेस ने अपने पोस्ट में कहा कि वेदांत और उनके दोस्तों ने CBSE और मोदी सरकार से कुछ सीधे सवाल पूछे थे। पार्टी के अनुसार, इन सवालों का जवाब देने के बजाय छात्रों को निशाना बनाया गया और उन्हें कथित तौर पर ‘एंटी-नेशनल’ तक कहा गया। कांग्रेस ने कहा कि भारत के युवाओं को चुप कराने के बजाय उनकी बात सुनी जानी चाहिए और उन्हें बेहतर व्यवस्था मिलनी चाहिए।
वीडियो में राहुल गांधी छात्रों की चिंताएं सुनते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने इसे युवाओं की आवाज और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को सामने लाने की कोशिश बताया है।
CBSE मूल्यांकन प्रणाली को लेकर चल रहा है विवाद
हाल के दिनों में CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर सोशल मीडिया पर कई सवाल उठे हैं। छात्र वेदांत का मामला भी चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान उन्हें जो उत्तरपुस्तिका दिखाई गई, वह उनकी नहीं थी। इसके बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और राजनीतिक बहस का विषय बन गया।
राहुल गांधी पहले भी CBSE की मूल्यांकन प्रक्रिया, OSM प्रणाली और उससे जुड़े कथित तकनीकी तथा प्रशासनिक मुद्दों पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने परीक्षा मूल्यांकन से जुड़े ठेके और प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर भी केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय से जवाब मांगे हैं।
आरोप-प्रत्यारोप के बीच बढ़ी राजनीतिक बहस
CBSE ने राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि मूल्यांकन प्रक्रिया और अनुबंध आवंटन में सभी नियमों का पालन किया गया।
वहीं, कांग्रेस लगातार यह कह रही है कि परीक्षा प्रणाली से जुड़े सवालों और छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उधर, राहुल गांधी भी इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि देश के युवाओं को अपनी बात रखने का अधिकार है और उनकी चिंताओं को जवाब के बजाय विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: CBSE मामलाः राहुल गांधी ने चुप्पी पर पीएम मोदी को घेरा, कहा- सिर्फ सरकार की चिंता, बच्चों के भविष्य की नहीं
इसे भी पढ़ें: CBSE OSM: 'मुझ पर हमला करने से आपके अपराध कम नहीं होंगे', राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान पर किया पलटवार
इसे भी पढ़ें: 'सोचा-समझा षड़यंत्र है...' CBSE रिजल्ट विवाद पर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
