राहुल गांधी ने आत्महत्या करने वाले नीट छात्र के परिवार से मुलाकात की, पीएम मोदी से जवाबदेही की मांग की
राहुल गांधी ने कहा कि प्रदीप की मौत आत्महत्या नहीं- एक टूटी हुई, भ्रष्ट व्यवस्था की देन है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने परीक्षा प्रणाली को माफ़ियाओं के हवाले कर दिया और आज भी अपनी कुर्सी से चिपके हैं- मोदी-प्रधान की जोड़ी इस परिवार के समक्ष जवाबदेह है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को राजस्थान के सीकर में आत्महत्या करने वाले एक नीट अभ्यर्थी प्रदीप मेघवाल के परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान कांग्रेस नेता ने पीएम नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही की मांग की।
राहुल गांधी ने एनएसयूआई कार्यालय में पीड़ित परिवार से मुलाकात की और कहा कि छात्र प्रदीप मेघवाल की मौत एक टूटी हुई, भ्रष्ट व्यवस्था की देन है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज, नीट पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या करने वाले होनहार छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार से मिला। उनका दर्द शब्दों में नहीं समा सकता। एक मां-बाप ने अपना बेटा खोया है और उनका कोई कसूर नहीं था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देश के लाखों बच्चे पढ़ाई, प्रतियोगिता और भविष्य के दबाव में जी रहे हैं। और जब पेपर लीक होता है, तो सिर्फ एक परीक्षा नहीं टूटती- एक बच्चे का सपना, और एक पूरा परिवार टूट जाता है। प्रदीप की मौत आत्महत्या नहीं- एक टूटी हुई, भ्रष्ट व्यवस्था की देन है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिन्होंने परीक्षा प्रणाली को माफ़ियाओं के हवाले कर दिया और आज भी अपनी कुर्सी से चिपके हैं- मोदी-प्रधान की जोड़ी इस परिवार के समक्ष जवाबदेह है।’’
राहुल गांधी ने इस दौरान कुछ नीट अभ्यर्थियों से भी मुलाकात की और बताया कि इन अभ्यर्थियों ने इस प्रणाली पर भरोसा नहीं होने की बात कही है। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘उनका ग़ुस्सा साफ दिख रहा था, और उनके सब्र का बांध टूट चुका है। देश का युवा अब मोदी सरकार के भ्रष्टाचार और बेरुख़ी को और बर्दाश्त नहीं करेगा। याद रखिए- यही युवा इस व्यवस्था को बदलेगा।’’
