'सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है', युवा कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी का वार

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 'एआई इम्पैक्ट समिट' विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को तानाशाही और कायरता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में विरोध प्रदर्शन के मामले में मंगलवार को पार्टी की युवा इकाई के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण करार दिया और कहा कि सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘कम्प्रोमाइज्ड पीएम’ (समझौता कर चुके प्रधानमंत्री) के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते में देश के हितों से समझौता किया गया है और यह समझौता किसानों और कपड़ा उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा भारत के डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा।

राहुल गांधी ने आगे कहा, "इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है।"

उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है, डरो मत - सच और संविधान हमारे साथ हैं।"

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia