ई-20 पर राहुल गांधी बोले- दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है, बड़े पैमाने पर उठाएंगे मुद्दा

राहुल गांधी ने कहा कि किसी भी अभियान में घटनाओं का क्रम तय करना पड़ता है, लेकिन मौजूदा समय में भ्रष्टाचार इतना अधिक है कि अनेक घटनाक्रम एक साथ सामने हैं। उन्होंने कहा कि ई20 से लोगों को बहुत नुकसान हो रहा है और इसके जरिए लोगों से ‘सीधी चोरी’ की जा रही है।

ई-20 पर राहुल गांधी बोले- दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है, बड़े पैमाने पर उठाएंगे मुद्दा
i

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में लागू की गई विवादित ई20 ईंधन की व्यवस्था के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि इस मामले में ‘दाल में कुछ काला नहीं, बल्कि पूरी दाल ही काली है।’ उन्होंने ऐलान किया कि इस मुद्दे को बड़े पैमाने पर उठाएंगे।

दाल में कुछ काला नहीं, पूरी दाल ही काली

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कहा, ‘‘ई20 का मुद्दा बहुत बड़ा है। सामान्य तौर पर कहा जाता है कि दाल में कुछ काला है, लेकिन यहां तो पूरी दाल ही काली है।’’ उन्होंन आरोप लगाया कि ई20 के कारण लोगों की कार और स्कूटर प्रभावित हो रहे हैं तथा उनकी जिंदगी तबाह हो रही है।


लोगों से ‘सीधी चोरी’ की जा रही है

राहुल गांधी ने दावा किया कि इस व्यवस्था के जरिए लोगों से ‘सीधी चोरी’ की जा रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि किसी भी अभियान में घटनाओं का क्रम (सिक्वेंसिंग) तय करना पड़ता है, लेकिन मौजूदा समय में भ्रष्टाचार इतना अधिक है कि अनेक घटनाक्रम एक साथ सामने हैं। उन्होंने कहा कि ई20 से लोगों को बहुत नुकसान हो रहा है और आने वाले समय में इस मामले को व्यापक स्तर पर उठाएंगे।

सरकार की नीति पर देश भर में सवाल

बता दें कि मोदी सरकार की ई20 ईंधन नीति यानी 20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई20) को देश भर में लागू करने पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सरकार पर बिना सोचे-समझे पेट्रोल में एथनॉल मिलाकर बेचने और गाड़ी उपभोक्ताओं को उसका इस्तेमाल करने पर मजबूर करने के आरोप हैं। लोगों का कहना है कि ई20 से गाड़ियों का माइलेज काफी कम होता है और गाड़ी बार-बार खराब होती है। खासकर गाड़ी के इंजन पर असर पड़ता है। हालांकि, सरकार इन सब आरोपों से इनकार कर रही है और लगातार ई20 का बचाव कर रही है।