जन-महाभियोग प्रस्ताव पर राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा, मोदी-शाह का कोई कवच नहीं बचा पाएगा
राहुल गांधी ने कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार और उनके साथी यह सोचते हैं कि पीएम मोदी उन्हें बचा लेंगे तो उन्हें देश के लोगों के मूड को देखना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि हमारी गारंटी है कि भारत के लोग, सांसद और युवा इस कृत्य को न भूलेंगे और न माफ करेंगे।

विपक्षी इंडिया गठबंधन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित सांकेतिक संसद में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ का आयोजन किया। इस कार्यवाही की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने की, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जनमहाभियो प्रस्ताव पेश किया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने समापन भाषण दिया।
राहुल गांधी ने भाषण की शुरुआत करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने ‘‘भारत की आत्मा पर हमला’’ किया है और उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग समेत देश के विभिन्न संस्थानों पर कब्जा कर लिया गया है और मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अजीब बात है कि पूरे विपक्ष को ज्ञानेश कुमार के महाभियोग पर चर्चा करने के लिए खड़गे जी के आवास के गार्डन में बैठना पड़ रहा है। क्योंकि अब हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचा, इसलिए यह कार्यक्रम करना पड़ा है। सारे संस्थानों पर कब्जा कर लिया गया है।’’
राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए महाभियोग की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि देश के 13.1 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। यह देश के हर सात में से एक व्यक्ति और करीब 15 फीसदी वोटरों के बराबर है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग कह रहा है कि इन मतदाताओं ने वोट नहीं किया। अगर ऐसा है तो इसका मतलब है कि 2024 में जो लोकसभा चुनाव हुआ वह अवैध था। उन्होंने यह भी कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हार का अंतर सिर्फ 3 फीसदी था।
राहुल गांधी ने साफ कहा कि ज्ञानेश कुमार को जाना ही पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार जैसे लोगों ने यह खेल कानूनी दायरे से बाहर ले जाकर चुनावों में धांधली की है। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ एक औजार हैं और विपक्ष उन्हें हटाकर रहेगा। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ज्ञानेश कुमार को जाना होगा। ज्ञानेश कुमार उस संस्था के पीछे छिप रहे हैं जिसकी उन्हें रक्षा करनी थी।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को आज नहीं तो कल देश के जनप्रतिनिधियों का सामना करना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उल्लेख करते हुए गांधी ने कहा, ‘‘मोदी और शाह ऊपर हैं, उनसे हम निपटेंगे, लेकिन आप (ज्ञानेश कुमार) उनके औजार हैं और पहला निशाना आप ही हैं।’’
राहुल गांधी ने कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार और उनके साथ काम करने वाले ‘‘पांच-छह लोग’’ यह सोचते हैं कि कानून या प्रधानमंत्री मोदी उन्हें बचा लेंगे तो उन्हें देश के लोगों के ‘‘मूड’’ को देखना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हमारी गारंटी है कि भारत के लोग, सांसद और युवा इस कृत्य को न भूलेंगे और न माफ करेंगे। आपने भारत की आत्मा पर हमला किया है। हम आपको बचकर नहीं निकलने देंगे।’’
राहुल गांधी साफ शब्दों में कहा कि हम आपको बचकर निकलने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक हथियार कल दिल्ली की सड़कों पर दिखेगा। राहुल गांधी ने कहा कि चुनावों में धांधली और सीबीआई, ईडी का दुरुपयोग जारी रह सकता है, लेकिन यह सब अस्थायी है। उन्होंने कहा कि देश के नौजवान ज्ञानेश कुमार को माफ नहीं करेंगे। आखिर में राहुल ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार को लगता है कि शाह और मोदी उन्हें बचा लेंगे, तो कोई भी सुरक्षा कवच काम नहीं आएगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
