सरकार चाहती है आप बिना सवाल किए तानाशाह की हर बात को करें स्वीकार, न हम डरेंगे और न इन्हें डराने देंगे: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि देश बेरोजगारी की महामारी से जूझ रहा है, करोड़ों परिवारों के पास स्थिर आय का कोई साधन नहीं बचा। लेकिन सरकार सिर्फ एक 'अहंकारी राजा' की छवि चमकाने में अरबों रुपए फूंक रही है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कई मुद्दों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाा साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, “खुद को अकेला मत समझना, कांग्रेस आपकी आवाज है, और आप कांग्रेस की ताकत। तानाशाह के हर फरमान से, जनता की आवाज दबाने की हर कोशिश से हमें लड़ना है। आपके लिए, मैं और कांग्रेस पार्टी लड़ते आ रहे हैं, और आगे भी लड़ेंगे।"

उन्होंने कहा, “आज देश में किन मुद्दों पर विचार-विमर्श होना चाहिए, ये आप अच्छे से जानते हैं क्योंकि सरकार की हर गलत नीति का असर आपके जीवन पर पड़ रहा है।”

राहुल गांधी ने कहा, “इस मानसून सत्र में हम सरकार से जनता के सवालों के जवाब मांगना चाह रहे थे, लेकिन आप सब ने देखा कैसे सरकार ने विपक्ष के लोगों को निलंबित करवाया, हमारे द्वारा विरोध करने पर हमें गिरफ्तार करवाया, सदन स्थगित करवाया, और कल जब चर्चा हुई भी तो सरकार ने साफ कहा कि ‘महंगाई जैसी कोई समस्या है ही नहीं’!”

उन्होंने आगे कहा, “देश बेरोजगारी की महामारी से जूझ रहा है, करोड़ों परिवारों के पास स्थिर आय का कोई साधन नहीं बचा। लेकिन सरकार सिर्फ एक 'अहंकारी राजा' की छवि चमकाने में अरबों रुपए फूंक रही है। महंगाई और ‘गब्बर सिंह टैक्स’ आम आदमी की आय पर सीधा प्रहार है। आज की वास्तविकता ये है कि आम इंसान अपने सपनों के लिए नहीं बल्कि 2 वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है।”


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, "सरकार चाहती है आप बिना सवाल किए तानाशाह की हर बात को स्वीकार करें। मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूं, इनसे डरने की और तानाशाही सहने की जरुरत नहीं है। ये डरपोक हैं, आपकी ताकत और एकता से डरते हैं, इसलिए उसपर लगातार हमला कर रहे हैं। अगर आप एकजुट हो कर इनका सामना करोगे, तो ये डर जाएंगे। मेरा आपसे वादा है, न हम डरेंगे और न इन्हें डराने देंगे।"

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 02 Aug 2022, 2:00 PM