मणिपुरी संगीतकार चोंगथाम विक्रम सिंह की स्मृति सभा में शामिल होंगे राहुल गांधी, परिवार को हर संभव मदद का दिया भरोसा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शोक की इस घड़ी में सिंह के परिवार और उनके प्रियजनों के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और प्रियजनों के साथ खड़ा हूं।’’

राहुल गांधी मणिपुरी संगीतकार और संगीत शिक्षक चोंगथम विक्रम सिंह की याद में गुरुवार को राजधानी दिल्ली में होने वाले एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन जनपथ स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में चोंगथम विक्रम सिंह को श्रद्धांजलि देने लिए किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “आज शाम, मैं चोंगथम विक्रम सिंह जी को श्रद्धांजलि देने के लिए उनकी याद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होऊंगा।"
उन्होंने कहा कि सिंह का संगीत और भावना उन सभी लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे, जिन्हें उन्होंने प्रभावित किया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शोक की इस घड़ी में सिंह के परिवार और उनके प्रियजनों के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और प्रियजनों के साथ खड़ा हूं।’’
राहुल गांधी ने भाई को दिया था भरोसा
राहुल गांधी ने घटना के बाद विक्रम सिंह के भाई से फोन पर बात की थी और न्याय की लड़ाई में सहयोग का भरोसा दिलाया था। इससे पहले, राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर घटना की निंदा की थी और मामले में त्वरित जांच तथा अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की थी।
मणिपुर के रॉकस्टार चोंगथम विक्रम सिंह ने अपने घर के सामने हो रहे शोर-शराबे और उपद्रव पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और उनकी पीट पीटकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना राजधानी दिल्ली के किलोकरी की है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
