कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में 3 अक्टूबर से कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली, राहुल गांधी मोगा से दिल्ली तक करेंगे नेतृत्व

कांग्रेस ने मोदी सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में 3 अक्टूबर से ट्रैक्टर रैली का ऐलान किया है। मोगा से शुरू इस विरोध रैली का नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे। यह रैली 5 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेगी। रास्ते में राहुल गांधी कई नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

केंद्र की मोदी सरकार द्वारा हाल ही में लागू किए गए विवादित कृषि कानूनों का विरोध तेज होता जा रहा है। इन कानूनों के खिलाफ 25 सितंबर को किसानों के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस ने कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब में 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक ट्रैक्टर रैली निकालने का ऐलान कर दिया है।

किसानों की इस विरोध रैली का नेतृत्व खुद कांग्रेस नेता राहुल गांधी करेंगे। राहुल गांधी 3 अक्टूबर को मोगा से रैली की शुरुआत करेंगे, जो पूरे पंजाब और हरियाणा के इलाकों से होते हुए 5 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेगी। कृषि कानूनों के खिलाफ इस रैली में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह भी शामिल होंगे। उनके अलावा पंजाब के सभी मंत्री और कांग्रेस विधायक भी इस रैली में शरीक रहेंगे। पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

पंजाब कांग्रेस के अनुसार इस दौरान किसानों की नाराजगी और उनके दर्द के लिए आवाज को बुलंद किया जाएगा, जिनकी आजीविका और भविष्य को केंद्रीय कानूनों ने दांव पर लगा दिया है। इस कानून से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले राज्यों में पंजाब और हरियाणा दोनों शामिल हैं। इस रैली के दौरान इन दोनों राज्यों में कई सभाएं होंगी।

पंजाब में कांग्रेस के प्रवक्ता के अनुसार, राज्य भर के किसान संगठनों द्वारा समर्थित ट्रैक्टर रैलियों में 50 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की जाएगी, जिसका प्रसार तीन दिनों में विभिन्न जिलों और निर्वाचन क्षेत्रों में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय रैली के लिए सुबह 11 बजे का समय निर्धारित किया गया है और इस दौरान कोविड-19 के मानकों का खास ध्यान रखा जाएगा। रैली के अंतिम दिन 5 अक्टूबर को हरियाणा में कई कार्यक्रमों के माध्यम से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */