भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हॉकी खेलेंगे राहुल गांधी, जालंधर में पूर्व ओलंपियंस से होगा मुकाबला

राहुल गांधी 15 जनवरी को दोपहर में तीन घंटे के लिए अपने सह यात्रियों के साथ खालसा कॉलेज में रुकेंगे। खालसा कॉलेज में ही राहुल गांधी पद यात्रियों, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लंच करेंगे। इसी दौरान पूर्व ओलंपियंस के साथ उनका हॉकी मैच भी होगा।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

अमरीक

राहुल गांधी की अगुवाई में जारी भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों पंजाब में है। पंजाब में अभी तक राहुल गांधी पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और लुधियाना में पदयात्रा कर चुके हैं। अब यात्रा जालंधर होते हुए आगे जाएगी। ढाई दिन की पंजाब यात्रा में राहुल गांधी ने पंजाबियों का दिल जीत लिया है। अब 15 जनवरी को जालंधर पहुंचने वाली यात्रा को लेकर शहर में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

खेल नगरी के तौर पर विश्व विख्यात दोआबा के महानगर जालंधर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी स्थानीय ऐतिहासिक खालसा कॉलेज में हॉकी भी खेलेंगे। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक हॉकी खेलने का उनका कार्यक्रम आधे घंटे से ज्यादा का होगा। यह मैच खालसा कॉलेज के प्रसिद्ध हॉकी मैदान में होगा। इस कार्यक्रम का संयोजन परगट सिंह कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने 'नवजीवन' को बताया कि राहुल गांधी के साथ पूर्व ओलंपियंस हॉकी खेलेंगे और बाद में जालंधर जिले की सरहद तक राहुल गांधी के साथ पदयात्रा भी करेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हॉकी खेलेंगे राहुल गांधी, जालंधर में पूर्व ओलंपियंस से होगा मुकाबला
फोटोः अमरीक

यहां बता दें कि जालंधर को हॉकी की नर्सरी भी कहा जाता है। इस जिले ने हॉकी को कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। कांग्रेस के विधायक परगट सिंह खुद भारत की हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और उन्हीं के विशेष आग्रह पर राहुल गांधी ने हॉकी खेलने पर अपनी सहमति दी है।

कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 15 जनवरी को दोपहर में तीन घंटे के लिए अपने सह यात्रियों के साथ खालसा कॉलेज में रुकेंगे। खालसा कॉलेज में ही राहुल गांधी पद यात्रियों, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लंच करेंगे। इन तीन घंटों में पूर्व ओलंपियंस के साथ उनका मैच भी होगा। दोपहर के भोजन के बीच ही वह पंजाब से आए युवा हॉकी खिलाड़ियों और विद्यार्थियों से मुलाकात करेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हॉकी खेलेंगे राहुल गांधी, जालंधर में पूर्व ओलंपियंस से होगा मुकाबला
फोटोः अमरीक

कांग्रेस विधायक लाडी शेरूवालिया के मुताबिक राहुल गांधी के लिए अलग से कुछ विशेष पकवान नहीं बनवाए जा रहे हैं। अलबत्ता मौसम ज्यादा ठंडा रहा तो पंजाब का परंपरागत खाना सरसों का साग और मक्की की रोटी (जो राहुल गांधी और बाहर के लोगों को बहुत पसंद है) बनाया जाएगा और साथ में गाजर का हलवा होगा।

ऐतिहासिक महत्व रखने वाले जालंधर और दोआबा के पुराने कॉलेजों में से एक खालसा कॉलेज का मैदान काफी बड़ा है। इसके एक हिस्से में टेंट लगाकर राहुल गांधी के विश्राम, बैठक और कार्यकर्ताओं के लिए लंच का इंतजाम किया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से खालसा कॉलेज के इर्द-गिर्द पुलिस काफी मुस्तैद हो गई है। उच्च पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिन लोगों को खालसा कॉलेज के कार्यक्रम में प्रवेश दिया जाना है उनके नाम कई स्तरों पर जांचे जा रहे हैं और पूरी जांच के बाद ही कॉलेज परिसर में प्रवेश के लिए नाम तय हो रहे हैं।

गौरतलब है कि हॉकी को पंजाब के परंपरागत खेलों में शुमार किया जाता है और इस सूबे ने बेशुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं जिन्होंने कई बड़ी उपलब्धि हासिल कर देश और जालंधर का नाम रोशन किया है। जालंधर उम्दा हॉकी बनाने के लिए भी जाना जाता है। स्थानीय व्यापारियों के एक प्रतिनिधि ने बताया कि स्पोर्ट्स इंडस्ट्री राहुल गांधी को विशेष हॉकी भेंट करेगी। तो सबको राहुल गांधी के स्टिक थामने का इंतजार है, जब वह पहली बार हॉकी के मैदान में गोल करते नजर आएंगे!

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia