गुजरात में पार्टी कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी बोले- देश में बढ़ रहा अन्याय, अहिंसा-सद्भाव के लिए मिलकर लड़ना होगा
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने कहा कि हमारी 'भारत जोड़ो यात्रा' ने दिखाया है कि जनता कैसे जुड़ती है। कन्याकुमारी से कश्मीर की यात्रा में जनता कांग्रेस पार्टी से जुड़ी और देश की राजनीति बदल गई।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस कार्याताओं के एक कार्यक्रम में शामिल हुए। पार्टी का संगठन कैसे मजूबत हो इस पर उन्होंने जोर दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं और निकाय चुनाव के पूर्व उम्मीदवारों से मुलाकात की और सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश में हर तरफ अन्याय बढ़ता जा रहा है- ऐसे में कांग्रेस के ऊर्जावान कार्यकर्ताओं के ऊपर एक बड़ी जिम्मेदारी है। हमें साथ मिलकर इस अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ना होगा। कांग्रेस की सत्य, अहिंसा और सद्भाव की विचारधारा के लिए लड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ नेताओं, जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के दिल में कांग्रेस होना चाहिए। ऐसे लोगों के हाथ में ही संगठन का कंट्रोल जाना चाहिए। हम जैसे ही ये काम करेंगे, गुजरात की जनता हमारे संगठन से जुड़ेगी।
राहुल गांधी ने उन लोगों को निशाने पर लिया, जो लोग पार्टी में रहकर उसके खिलाफ काम को अंजाम देते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा पहला काम- इन दो ग्रुप को अलग करना है। अगर हमें सख्त कार्रवाई करनी पड़े, 30-40 लोगों को निकालना पड़े तो निकाल देना चाहिए। BJP के लिए लोग अंदर से काम कर रहे हैं, तो उन लोगों को निकालो और बाहर से BJP के लिए काम करने दो। फिर देखते हैं, कैसे इनकी वहां जगह बनती है, क्योंकि वो उठाकर बाहर फेंक देंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गुजरात की जनता, व्यापारी, किसान, मजदूर, छात्र प्रदेश में विपक्ष चाहते हैं। ये लोग गुजरात में 'B-टीम' नहीं चाहते हैं। मेरी जिम्मेदारी इन दो ग्रुप को अलग करने की है। गुजरात कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सीधे जनता से जुड़ना ही पड़ेगा - तभी जनता आप में यकीन करेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी 'भारत जोड़ो यात्रा' ने दिखाया है कि जनता कैसे जुड़ती है। कन्याकुमारी से कश्मीर की यात्रा में जनता कांग्रेस पार्टी से जुड़ी और देश की राजनीति बदल गई।
राहुल गांधा ने कहा- हमारे नेताओं करने पड़ेंगे ये काम:
• हमारे नेताओं को गुजरात की जनता के बीच में जाना होगा।
• जनता के घर-घर जाकर उनके दिल की आवाज सुननी होगी।
• हमें जनता से पूछना होगा कि हम आपके लिए क्या कर सकते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात की 'बैकबोन' छोटे व्यापारी, स्माल-मीडियम साइज़ बिजनेस और Entrepreneurs हैं, लेकिन अब वह खत्म हो गए हैं। आज डायमंड इंडस्ट्री, टेक्सटाइल इंडस्ट्री, सिरेमिक इंडस्ट्री से जुड़े लोग और प्रदेश के किसान कह रहे हैं कि हमें 'नया विजन' चाहिए। क्योंकि पिछले 25 साल से जो विजन चल रहा है, वह फेल हो गया है। कांग्रेस पार्टी बहुत आसानी से लोगों को 'नया विजन' दे सकती है।
उन्होंने कहा कि गुजरात में विपक्ष के पास 40 फीसदी वोट है। आप कहीं भी प्रदेश में दो लोगों को खड़ा कर देंगे तो उसमें एक BJP और दूसरा कांग्रेस का निकलेगा। अगर गुजरात में हमारा 5 फीसदी वोट और बढ़ जाए तो कांग्रेस की सरकार आ जाएगी। तेलंगाना में हमने 22 फीसदी वोट बढ़ाया है, यहां तो सिर्फ 5 फीसदी की जरूरत है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia