राहुल गांधी ने मुंबई में निकाली 'जन न्याय पदयात्रा', महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी समेत कई हस्तियां हुईं शामिल

मुंबई में यह मार्च अगस्त क्रांति मैदान तक निकाला गया, जहां 1942 में अंग्रेजों के शासन से भारत की आजादी के संघर्ष के दौरान 'भारत छोड़ो आंदोलन' शुरू हुआ था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सुबह दक्षिण मुंबई में महात्मा गांधी के आवास मणि भवन से 'जन न्याय पदयात्रा' निकाली। इस मौके पर राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी और अभिनेत्री स्वारा भास्कर समेत कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। यह मार्च अगस्त क्रांति मैदान तक निकाला गया, जहां 1942 में अंग्रेजों के शासन से भारत की आजादी के संघर्ष के दौरान 'भारत छोड़ो आंदोलन' शुरू हुआ था। विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के कई सदस्य भी इस पदयात्रा में शामिल हुए।

अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने कहा, "जिस हिंदुस्तान में हम पले-बढ़े हैं जिसमें किसी भी प्रकार भेदभाव नहीं है। हमें विभाजित करने का प्रयास हो रहा है, आज सत्ता में एक खास तरह की राजनीति है जो नफरत की राजनीति है। हमारे भगवानों का नाम लेकर नफरत फैलाई जा रही है, मैं एक हिंदू होने के नाते यह समझती हूं कि अगर आप भगवान का नाम लेकर कत्ल कर रहे हैं तो उससे बड़ा पाप कोई नहीं है।"


शनिवार को कांग्रेस सांसद ने मध्य मुंबई में डॉ. भीमराव आंबेडकर के स्मारक 'चैत्यभूमि' पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करके और संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपनी 63 दिवसीय 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का समापन किया। यह यात्रा 14 जनवरी को संघर्षग्रस्त मणिपुर से शुरू हुई थी।

विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन शक्ति प्रदर्शन के लिए रविवार शाम को यहां एक जनसभा आयोजित करेगा, जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव हिस्सा ले सकते हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia