राहुल गांधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीब पठान के निधन पर जताया शोक, ट्वीट किया उनका आखिरी वीडियो संदेश

नसीब पठान ने अपने वीडियो संदेश में हाथरस की घटना का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना बहुत ही खतरनाक लक्ष्ण हैं। यह सरकार के जाने के लक्ष्ण हैं। इस तरह के लक्ष्ण प्रदेश और देश बर्दाश्त नहीं करता।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

राहुल गांधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीब पठान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के नेता पूर्व विधान परिषद सदस्य और सीएलपी अध्यक्ष नसीब पठान साहब का कोरोना से निधन हो गया। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं। जाते-जाते नसीब साहब ने एक बेहद महत्वपूर्ण संदेश दिया है। इसे आपके साथ साझा करते हुए उन्हें दिल से श्रद्धांजलि।”

नसीब पठान ने अपने वीडियो संदेश में हाथरस की घटना का जिक्र किया है। उन्होंने पूरी घटना को लेकर पुलिस-प्रशासन और सरकार के रवैये पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने वीडियो संदेश में कहा, जिस तरह से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और उनके साथ मौजूद वरिष्ठ लोगों, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जी के साथ पुलिस ने अन्याय और अत्याचार किया वह ठीक नहीं है। मुझे बहुत गुस्सा आ रहा था, क्योंकि मैं 30 तारीख से कोरोना से ग्रसित गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती था।”


नसीब पठान ने अपने वीडियो संदेश में हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए कहा, “जिस तरह हाथरस की वाल्मीकि समाज की उस बच्ची के साथ अन्याय हुआ। उसके बाद इस प्रदेश के मुख्यमंत्री किसी को वहां जाने से क्यों रोक रहे हैं। पूरे दिन मीडिया के लोग संघर्ष करते, लेकिन उन्हें नहीं जाने दिया गया। डीएम वहां जाकर उनके परिवार से कहते हैं कि यह लोग चले जाएंगे। हमें और तुम्हें यहां रहना है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना बहुत ही खतरनाक लक्ष्ण हैं। यह सरकार के जाने के लक्ष्ण हैं। इस तरह के लक्ष्ण प्रदेश और देश बर्दाश्त नहीं करता है।”

नसीब पठान उत्तर प्रदेश के बिजनौर से आते थे और प्रदेश में कांग्रेस के बड़े नेताओं में शुमार थे। बीते दिनों कोरोना से पीड़ित होने के बाद उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था, जहां उनका निधन हो गया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia