पुडुचेरी से राहुल गांधी का वादा- पूर्ण राज्य का दर्जा, बेरोजगारों को 2000 रुपए महीना और महिलाओं को मुफ्त बस सेवा

राहुल गांधी ने कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्रों में 30,000 नई नौकरियां दी जाएंगी। ⁠महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त होगी। सरकारी नौकरी के लिए भर्ती की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 40 वर्ष तक की जाएगी। ⁠इसके अलावा हर परिवार का 20 लाख का स्वास्थ्य बीमा किया जाएगा।

पुडुचेरी से राहुल गांधी का वादा- पूर्ण राज्य का दर्जा, बेरोजगारों को 2000 रुपए महीना और महिलाओं को मुफ्त बस सेवा
i
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगर पुडुचेरी में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनती है तो पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलेगा, महिलाओं को सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मुहैया कराई जाएगी और ⁠बेरोजगार युवाओं के लिए 2000 रुपए प्रति महीना की सहायता दी जाएगी।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने राज्य के लिए कांग्रेस की पांच गारंटी की घोषणा करते हुए कहा कि इसके अलावा सरकारी और निजी क्षेत्रों में 30,000 नई नौकरियां दी जाएंगी। ⁠महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त होगी। सरकारी नौकरी के लिए भर्ती की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 40 वर्ष तक की जाएगी। ⁠इसके अलावा हर परिवार का 20 लाख का स्वास्थ्य बीमा किया जाएगा।


राहुल गांधी ने कहा कि यह खोखले वादे नहीं हैं। ये गरिमा और सुरक्षा की नींव हैं। उन्होंने कहा कि जब भी मैं पुडुचेरी आता हूं, आप मुझे बहुत प्यार और स्नेह देते हैं। पुडुचेरी के लोगों और मेरे परिवार के बीच भावनात्मक रिश्ता है। यह सिर्फ एक राजनीतिक संबंध नहीं है। यह बहुत गहरा और पुराना रिश्ता है। यह प्यार और आपसी सम्मान का रिश्ता है। मैं यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हूं कि पुडुचेरी की आवाज इस खूबसूरत राज्य को चलाए। आइए एक ऐसी सरकार बनाएं जो वास्तव में पुडुचेरी की आवाज का प्रतिनिधित्व करती हो। एक ऐसा पुडुचेरी बनाएं जो सचमुच वहां के लोगों की आवाज को दर्शाता हो।

राहुल गांधी ने कहा कि आज पुडुचेरी नकली दवाओं का केंद्र बन गया है, जहां बड़े पैमाने पर नकली दवाओं का निर्माण हो रहा है, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ये दवाएं देशभर में भेजी जा रही हैं। यह सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं है। इसमें हत्या सहित भ्रष्टाचार शामिल है। बीजेपी राज्य को रिमोट कंट्रोल से चलाती है। उपराज्यपाल लोगों की इच्छा को दरकिनार करने के साधन के रूप में कार्य करते हैं। क्षेत्रीय नेताओं को दरकिनार किया जा रहा है और स्थानीय निकाय चुनाव नहीं होने दिए जा रहे हैं। औद्योगिक और कपड़ा क्षेत्र में गिरावट आ रही है और सैकड़ों कारखाने बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्य की मांग हमेशा से रही है, जिसका वादा बीजेपी ने किया था, लेकिन दिया नहीं। हम पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia