नए UPI नियमों पर राहुल गांधी का PM पर तीखा तंज, 'इंदिरा जी सीधी खड़ी रहती थीं, मोदी जी ट्रंप के आगे लेट गए'
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी की सोच बिल्कुल अलग है। वह न तो बाईं ओर हैं और न ही दाईं ओर झुाकाव है। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के सामने सीधे लेटकर दंडवत प्रणाम करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने UPI पर टैक्स लगाकर हर भारतीय पर टैक्स का बोझ डाला है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार को घेरा है। उन्हें वीडियो जारी करते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा और उन पर अमेरिकी दबाव के आगे घुटने टेकने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने वीडियो में नए UPI नियमों को लेकर PM मोदी की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से की। उन्होंने कहा कि एक बार इंदिरा जी से पूछा गया था कि क्या उनका झुकाव बाईं ओर है या दाईं ओर, और उनका जवाब था, 'मेरा झुकाव न तो बाईं ओर है और न ही दाईं ओर। मैं सीधी खड़ी रहती हूं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि मोदी जी की सोच बिल्कुल अलग है। वह न तो बाईं ओर हैं और न ही दाईं ओर। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के सामने सीधे लेटकर दंडवत प्रणाम करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने UPI पर टैक्स लगाकर हर भारतीय पर टैक्स का बोझ डाला है।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी, कृपया अमेरिका के सामने लेटना बंद करें। और कृपया UPI टैक्स वापस लें।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘यूपीआई पर एमडीआर को लेकर कल किया गया समर्पण आपकी सरकार की कमजोरी का एक और स्पष्ट उदाहरण है।’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘शुल्क और व्यापार से लेकर एच-1बी वीजा, आव्रजन, वीजा और डिजिटल भुगतान तक, वाशिंगटन का दबाव लगातार बढ़ रहा है और आप, ‘हाउडी मोदी जी’, लगातार समर्पण करते जा रहे हैं।’’
वही विपक्ष ने बुधवार को आरोप लगाया कि यूपीआई के लिए एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) व्यवस्था लागू कर सरकार ने ‘अमेरिकी साम्राज्यवाद के आगे घुटने टेक दिए हैं। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने ‘नोटा’ का अर्थ ‘‘नरेन्द्र्स ऑनगोइंग ट्रंप एपिज़मेंट’’ (नरेन्द्र मोदी द्वारा लगातार ट्रंप का तुष्टीकरण करना) कर दिया है।
जयराम रमेश ने सवाल किया कि क्या इस कदम की घोषणा इसलिए की गयी है ताकि अमेरिकी कार्ड कंपनियां यूपीआई से प्रतिस्पर्धा कर सकें?
तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय ने कहा कि यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाने के विचार का विरोध उचित है क्योंकि इससे अधिकतर वस्तुओं की कीमतें बढ़ेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि यह शुल्क उपयोगकर्ता से नहीं लिया जाएगा, लेकिन दुकानदार को इसका भुगतान करना होगा। इसलिए राहुल गांधी ने इसका विरोध किया है और मैं भी इसका समर्थन करता हूं।’’ राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा ने भी इस मुद्दे पर सरकार की आलोचना की।
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 0.4 प्रतिशत शुल्क लगाने का मोदी सरकार का कदम आम भारतीयों के साथ ‘विश्वासघात’ है और इससे अंततः उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
