राहुल गांधी का मोदी सरकार पर तंज, 'सीमाओं पर घमासान है...भारत तो तब भी महान है, पर केंद्र सरकार नाकाम थी, नाकाम है'

राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई पहुंची आसमान है, सीमाओं पर घमासान है, भारत तो तब भी महान है, पर केंद्र सरकार नाकाम थी, नाकाम है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए ट्वीट कर कहा, “ किसान परेशान है, महंगाई पहुंची आसमान है, सीमाओं पर घमासान है, भारत तो तब भी महान है, पर केंद्र सरकार नाकाम थी, नाकाम है।”

राहुल गांधी ने ट्वीट में किसानों का जिक्र किया है। दिल्ली की सीमाओं पर किसान पिछले कई महीनों से कृषि कानूनों के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। किसानों की मांग है कि मोदी सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस ले। कई दौर की वार्ता के बाद भी किसानों की मांगें केंद्र सरकार ने नहीं मानी। ऐसे में किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है।


इस ट्वीट में राहुल गांधी ने सीमाओं का जिक्र किया है। बीते कई महीनों से पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच एलएसी को लेकर विवाद जारी है। मोदी सरकार इस विवाद को सुलझाने में नाकाम रही है। अरुणाच प्रदेश में भी सीमा पर चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उधर, जम्मू-कश्मीर में भारत-पाक बॉर्डर पर भी हालात ठीक नहीं हैं। कश्मीर में पिछल कुछ महीनों से आतंकी गतिविधियां काफी ज्यादा बढ़ गई हैं। लगातार जवान शहीद हो रहे हैं। नोटबंदी के दौरान केंद्र की मोदी सरकार ने कहा था कि जल्द ही कश्मीर में आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

देश में महंगाई चरम पर है। महंगाई के मोर्चे पर मोदी सरकार बुरी तरह से नाकाम हुई है। पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। पहली बार देश में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार बिक रहा है। खाने-पीने की चीजों की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। आम जनता परेशान है। लेकिन मोदी सरकार इन मुद्दों का हल नहीं निकाल पा रही है। इन्ही मुद्दों को लेकर ट्वीट में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 23 Oct 2021, 12:29 PM