महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष के चुने गए BJP के राहुल नार्वेकर, समर्थन में मिले 164 वोट
महाराष्ट्र विधानसभा में अध्यक्ष के लिए चुनाव में राहुल नार्वेकर को 164 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी राजन साल्वी को 107 मत हासिल हुए। चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नार्वेकर को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया।

महाराष्ट्र में सियासी घमासान के बीच रविवार को विधानसभा का विशेष सत्र में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में बीजेपी के राहुल नार्वेकर महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवार राजन साल्वी को 57 मतों से हराकर विधानसभा अध्यक्ष चुने गए।
आज सुबह 11 बजे विधानसभा के विशेष सत्र में अध्यक्ष चुनाव में हुए मतदान में राहुल नार्वेकर को 164 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी राजन साल्वी को 107 मत हासिल हुए। अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नार्वेकर को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया।
स्पीकर के चुनाव से पहले एकनाथ शिंदे ने उद्धल ठाकरे गुट के सभी विधायकों को व्हिप जारी कर बीजेपी के स्पीकर उम्मीदवार राहुल नार्वेकर के पक्ष में वोट करने के लिए कहा गया था। यह व्हिप पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे को भी जारी किया गया था।
45 साल के राहुल नार्वेकर पेशे से वकील हैं। वह विधान परिषद के पूर्व अध्यक्ष एनसीपी के वरिष्ठ नेता रामराजे निंबालकर के दामाद हैं। राहुल नार्वेकर बीजेपी से पहले शिवसेना और एनसीपी के नेता रह चुके हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने मुंबई की कोलाबा विधानसभा सीट से नार्वेकर को टिकट दिया था। इस चुनाव में उन्होंने शानदार जीत दर्ज की थी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 03 Jul 2022, 12:59 PM
