मौसम अपडेट: दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी, कई इलाकों में जाम और जलभराव, आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 6 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की तीव्रता कम रहने का अनुमान है। इस दिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी, कई इलाकों में जाम और जलभराव
i

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर शनिवार को भी जारी है। बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हुई, जिससे वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय मौसम रिपोर्ट के अनुसार, दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। तापमान अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग समय पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वातावरण में नमी भी काफी अधिक रहेगी।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 6 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की तीव्रता कम रहने का अनुमान है। इस दिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं दिखाई गई है।

7 सितंबर को मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 8 सितंबर को भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आर्द्रता का स्तर 80 और 50 प्रतिशत तक रह सकता है। बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों की हवा में स्पष्ट सुधार दिखाई दे रहा है।


जलभराव से आवाजाही में परेशानी 

राजधानी में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल आईजीआई एयरपोर्ट की व्यवस्था को भी अस्त-व्यस्त कर दिया। पालम में 75.6 मिलीमीटर बारिश के बाद टर्मिनल-2 और 3 के फोरकोर्ट में पानी भर गया। टर्मिनल-3 के बाहर हालात इतने बिगड़ गए कि पानी मुख्य इमारत के गेट तक पहुंच गया और करीब एक फुट तक जलभराव हो गया। इसका सीधा असर विमान संचालन पर पड़ा। देश-विदेश से दिल्ली आ रही 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि करीब 400 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। आगमन की करीब 60 फीसदी और प्रस्थान की करीब 90 फीसदी उड़ानें प्रभावित रहीं। यात्रियों को 40 मिनट से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

इसके अलावा नोएडा और दिल्ली की कई सड़कों पर भी जलभराव के कारण लोगों के आवाजाही में परेशानी हुई। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-148 अंडरपास में भी कुछ देर के लिए जलभराव हुआ। इसी तरह सेक्टर-62 में खोड़ा और नोएडा के बीच की सड़क पर भी पानी भरने से कुछ देर के लिए वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ।

ग्रीन जोन में पहुंचा एक्यूआई 

बारिश का असर तापमान के साथ हवा पर भी देखे जा सकता है। बारिश से दिल्ली-एनसीआर की हवा में कुछ हद तक सुधार देखने को मिला है, जिसके चलते राजधानी दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद के अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) फिलहाल ग्रीन जोन में बना हुआ है। 

 उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक आनंद विहार में एक्यूआई 77, अशोक विहार में 104, आयानगर में 44, बवाना में 49, बुराड़ी क्रॉसिंग में 43, कैंटोनमेंट एरिया में 55, चांदनी चौक में 82, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 60 और सीआरआरआई मथुरा रोड में सबसे कम 38 दर्ज किया गया है।

 नोएडा में उपलब्ध सभी चार सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की स्थिति संतोषजनक नजर आ रही है। सेक्टर-125 में एक्यूआई 50, सेक्टर-62 में 42, सेक्टर-1 में 86 और सेक्टर-116 में 81 दर्ज किया गया है। इनमें सेक्टर-62 की हवा सबसे बेहतर स्थिति में रही, जबकि सेक्टर-1 का एक्यूआई 86 दर्ज किया गया। गाजियाबाद के मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी बारिश के बाद प्रदूषण स्तर नियंत्रण में है। गोविंदपुरम में एक्यूआई 46, इंदिरापुरम में 39, लोनी में 52, संजय नगर में 39, वसुंधरा में 52 और वेद विहार-लोनी में 86 दर्ज किया गया है। गाजियाबाद में सबसे कम एक्यूआई 39 इंदिरापुरम और संजय नगर में दर्ज हुआ।

आईएएनएस के इनपुट के साथ