मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बारिश का कहर, बाढ़ के पानी में बही कार, दो बच्चों समेत 9 लोगों की मौत
ग्रामीणों ने बताया कि पुल पर पानी भरा हुआ था। वहां मौजूद लोगों ने ईको कार चालक को पुल की ओर जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और नाले में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद गाड़ी पार कराने का प्रयास करने लगा तभी वाहन पानी के तेज बहाव में बह गया।

मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजगढ़ जिले में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं, जिसके कारण 11 यात्रियों को ले जा रही एक कार उफनते नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गई, जिससे उसमें सवार दो बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, जिले के सारंगपुर ब्लाक के पड़ाना में सोमवार सुबह एक परिवार ईको कार में सवार होकर नए बाईपास से होकर देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद जा रहा था। इस दौरान बाईपास पर बने पुल पर बारिश का पानी भर गया था। बाहर से आए चालक को पानी की गहराई और पुल की स्थिति का अंदाजा नहीं लगा। कार पानी में उतरते ही असंतुलित होकर बह गई। कार में सवार 11 लोगों में से दो लोगों को किसी तरह ग्रामीणों ने बचा लिया जबकि चार बच्चों समेत नौ लोगों की डूबने से मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि बाईपास के पुल पर पानी भरा हुआ था। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने ईको चालक को पुल की ओर जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और नाले में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद गाड़ी पार कराने का प्रयास करने लगा तभी वाहन पानी के तेज बहाव में बह गया। अधिकारियों के अनुसार तेज बहाव में वाहन के बहने के बाद ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रस्सियों की मदद से बचाव अभियान चलाया और दो यात्रियों को बाहर निकाला।
सारंगपुर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) हरविंद सिंह ने बताया कि सोमवार को भारी बारिश के कारण क्षेत्र की नदियां और नाले उफान पर हैं। उन्होंने कहा कि पदाना बायपास के पास सड़क पर बने नाले में तेज बहाव के बावजूद चालक ने लापरवाही से वाहन उसमें उतार दिया, जिसके कुछ ही देर में पानी में डूब जाने से नौ लोगों की मौत हो गई। सिंह ने बताया कि इस संबंध में सारंगपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
मौके पर रेस्क्यू टीम, पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया। घटना की सूचना लगने के बाद एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी सारंगपुर सहित पुलिस-प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने तलाश शुरू की। क्रेन की मदद से पानी में कार और लापता लोगों की तलाश की गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं। इस हादसे में तीन पुरुष, चार महिलाएं और दो बच्चों की मौत होने से पूरे इलाके में माहौल गमगीन है।
