'राजस्थान के किसान हो रहे परेशान', खाद की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को लेकर अशोक गहलोत का सरकार पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था में तकनीकी खामियां, सर्वर डाउन रहने और घंटों कतारों में खड़े रहने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में खाद की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नई व्यवस्था किसानों को खाद उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें परेशान करने का माध्यम बन गई है।
'नई व्यवस्था से किसान परेशान'
अशोक गहलोत ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह समस्या केवल बारां जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राजस्थान के किसान इस अव्यवस्था से प्रभावित हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार की नई ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था खाद देने के बजाय किसानों को परेशान करने का जरिया बन गइ है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था में तकनीकी खामियां, सर्वर डाउन रहने और घंटों कतारों में खड़े रहने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
'मध्य प्रदेश भेजी जा रही है खाद'
गहलोत ने आरोप लगाया कि राज्य के किसानों के हिस्से की खाद मध्य प्रदेश भेजी जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों तक खाद पहुंचाने के मामले में बीजेपी सरकार का ‘‘डबल इंजन’’ पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश के किसान इस अव्यवस्था का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बताएं कि आखिर किसान कब तक परेशान होते रहेंगे।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
