झुलस रहा राजस्थान! 50 डिग्री तक पहुंचा पारा, राजधानी दिल्ली का भी बुरा हाल, लू को लेकर रेड अलर्ट

जैसलमेर में 48 डिग्री, बीकानेर में 47.2 डिग्री, चुरू में 47 डिग्री, जोधपुर में 46.9 डिग्री, गंगानगर में 46.5 डिग्री, कोटा में 46.3 डिग्री और जयपुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर
user

नवजीवन डेस्क

देश के ज्यादातर हिस्सों में झुलसा देने वाली गर्मी और लू की मार जारी है। राजस्थान में सबसे ज्यादा बुरा हाल है। आलम यह है कि यहां पारा 50 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, राजस्थान के फलौदी में दिन में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में 48.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इससे पहले साल 2016 में 15 मई को सबसे अधिक तापमान 51 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वहीं, जैसलमेर में 48 डिग्री, बीकानेर में 47.2 डिग्री, चुरू में 47 डिग्री, जोधपुर में 46.9 डिग्री, गंगानगर में 46.5 डिग्री, कोटा में 46.3 डिग्री और जयपुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया।

एक तरफ भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं दूसरी तरफ बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। शहरों और ग्रामीण इलाकों में लोगों को कई-कई घंटों की बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।

देश की राजधानी दिल्ली का भी बुरा हाल है। यहां भी अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान, 46.9 डिग्री, नजफगढ़- 46.8 डिग्री, नरेला- 46.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले 4 दिनों के लिए दिल्ली में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia