राजस्थान: निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी, कई जगह EVM में खराबी के आरोप, झुंझुनूं में निर्दलीय उम्मीदवार पर हमला

मतदान प्रारंभ होने के बाद शुरुआती घंटों में ही जयपुर, झुंझुनू, पुष्कर सहित कई जगह ईवीएम में खराबी की सूचनाएं सामने आईं। ईवीएम के काम नहीं करने के कारण मतदान कुछ समय के लिए रुक गया जिस पर मतदाताओं ने नाराजगी जताई।

फोटो: सोशल मीडिया
i

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण के लिए शुक्रवार सुबह से मतदान जारी है और इस दौरान कई जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं। दोपहर एक बजे तक कुल 44.90 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ होने के बाद शुरुआती घंटों में ही जयपुर, झुंझुनू, पुष्कर सहित कई जगह ईवीएम में खराबी की सूचनाएं सामने आईं। ईवीएम के काम नहीं करने के कारण मतदान कुछ समय के लिए रुक गया जिस पर मतदाताओं ने नाराजगी जताई।

राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक कुल 20.51 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर एक बजे तक यह आंकड़ा 44.90 प्रतिशत हो गया। इस दौरान अलवर की बडोदामेव नगरपालिका में सबसे अधिक 75.13 प्रतिशत जबकि अजमेर नगर निगम में सबसे कम 35.61 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

इस चरण में छह नगर निगम, 24 नगर परिषद तथा 117 नगरपालिकाओं में चुनाव हो रहा है और कुल 4,774 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में 9,758 मतदान केंद्रों पर 87,60,884 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं।

इस चरण में जिन छह नगर निगमों के लिए मतदान हो रहा है, उनमें जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और पाली शामिल हैं। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर के केशवनगर सामुदायिक भवन स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने मतदान को लोकतंत्र का पावन अवसर बताया और मतदाताओं से भयमुक्त होकर मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर के महामंदिर इलाके में एक मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी सुनीता गहलोत, बेटे वैभव गहलोत और बहू हिमांशी गहलोत के साथ मतदान किया। इसके बाद गहलोत ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाताओं को ‘‘इसे सबक सिखाना चाहिए’’। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। संविधान को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।’’ गहलोत ने आरोप लगाया कि राजस्थान में हालात ‘‘बहुत गंभीर’’ हैं और दावा किया कि राज्य की भाजपा सरकार ने पिछले ढाई साल में कुछ नहीं किया है।

जयपुर में वार्ड संख्या-114 के एक केंद्र पर मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद मामूली विवाद हो गया जहां एक निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों ने मतदान केंद्र में कांग्रेस उम्मीदवार की मौजूदगी पर आपत्ति जताई। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। झुंझुनूं जिले की चिड़ावा नगरपालिका में मतदान से पहले एक निर्दलीय उम्मीदवार पर कथित तौर पर हमला किया गया। उम्मीदवार अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उन पर हमला किया, जिससे उनके सिर में चोट आई। जयपुर नगर निगम में 150 वार्ड हैं, जहां 24.33 लाख मतदाता और 2,256 मतदान केंद्र हैं। यहां कुल 723 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

जोधपुर नगर निगम में 100 वार्ड और 7.12 लाख मतदाता हैं, जबकि कोटा नगर निगम में भी 100 वार्ड हैं और 8.26 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। अजमेर नगर निगम में 80 वार्ड और 4.38 लाख मतदाता, उदयपुर नगर निगम में 80 वार्ड और 4.16 लाख मतदाता तथा पाली नगर निगम में 65 वार्ड और 1.81 लाख मतदाता हैं।

इससे पहले, राज्य के 162 नगर निकायों के लिए नौ सितंबर को मतदान हुआ था जिसमें कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राजस्थान के कुल 309 नगर निकायों के चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं। मतगणना 14 सितंबर को होगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए