राजीव गांधी की जयंती: खड़गे और प्रियंका गांधी समेत कई नेता पहुंचे 'वीर भूमि', दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आज, सद्भावना दिवस के अवसर पर हम राजीव गांधी को याद करते हैं, एक असाधारण नेता जिन्होंने लाखों लोगों में आशा की किरण जगाई और भारत को 21वीं सदी में पहुंचाया।

देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज 80वीं जयंती है। इस मौके पर दिल्ली में उनके स्मारक वीरभूमि पहुंचकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, के. सी. वेणुगोपाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत अन्य नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज, सद्भावना दिवस के अवसर पर, हम राजीव गांधी को याद करते हैं, एक असाधारण नेता जिन्होंने लाखों लोगों में आशा की किरण जगाई और भारत को 21वीं सदी में पहुंचाया।”
खड़गे ने आगे लिखा, “भारत के लिए उनकी अनगिनत उपलब्धियां राजीव गांधी की विरासत का प्रतीक हैं और देश में क्रांतिकारी बदलाव लेकर आईं। हम उनकी जयंती पर उन्हें अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।”
हर साल इस दिन को सद्भावना दिवस के रूप में क्यों मनाया जाता है?
देश में हर साल 20 अगस्त को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती को समर्पित है, जिनका जन्म 1944 में आज ही के दिन मुंबई (तब बम्बई) में हुआ था।
सद्भावना दिवस का मकसद राष्ट्रीय एकता, शांति, और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देना है, जो राजीव गांधी के जीवन और कार्यों का मूलमंत्र था। राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने 1984 में अपनी मां इंदिरा गांधी की हत्या के बाद मात्र 40 साल की आयु में देश की बागडोर संभाली।
उनके कार्यकाल (1984-1989) में भारत ने शिक्षा, तकनीकी विकास, और आर्थिक सुधारों में महत्वपूर्ण प्रगति की। उनकी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986 ने उच्च शिक्षा को बढ़ावा दिया, जबकि तकनीकी क्षेत्र में कंप्यूटर क्रांति की नींव रखी। राजीव गांधी ने देश की विविध आबादी के बीच एकता और शांति को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए, जिसके लिए उन्हें आज भी याद किया जाता है।
राजीव गांधी को "आधुनिक भारत का निर्माता" क्यों माना जाता है?
राजीव गांधी को "आधुनिक भारत का निर्माता" माना जाता है। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), दूरसंचार और विज्ञान के क्षेत्र में क्रांति लाने की दिशा में कदम उठाए। भारत में कंप्यूटर क्रांति और टेलीकॉम नेटवर्क के विस्तार का श्रेय उन्हें दिया जाता है। बोफोर्स घोटाले के आरोपों ने उनकी सरकार की छवि को प्रभावित किया, जिसके कारण 1989 के आम चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
वे अपने सरल और आधुनिक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते थे, जिसने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दी। उनकी सरकार ने मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष की, जिससे युवाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ी।
1992 में कांग्रेस द्वारा स्थापित राजीव गांधी राष्ट्रीय सद्भावना पुरस्कार इस दिन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने शांति और सौहार्द के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया।
सद्भावना दिवस न केवल राजीव गांधी के योगदान को याद करने का अवसर है बल्कि यह देशवासियों को एकजुट होकर शांति और सौहार्द के लिए कार्य करने की प्रेरणा भी देता है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia