दिल्ली: 'संविधान की सुरक्षा के लिए हर कुर्बानी के लिए तैयार', वक्फ बिल के खिलाफ AIMPLB की हुंकार

प्रदर्शन में शामिल एआईएमपीएलबी के प्रवक्ता एसक्यूआर इलियास ने किसान कानूनों का जिक्र किया और दावा किया कि उसी तरह इस बिल को वापस करवाएंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
i

वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 के खिलाफ आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड विरोध प्रदर्शन कर रहा है। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रदर्शन में जमीयत उलेमा ए हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी, AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, टीएससी सांसद अबू ताहिर, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के सांसद ईटी बसीर, सीपीआई महासचिव सय्यद अजीज पाशा और CPIML के सांसद राजा राम सिंह भी पहुंचे हैं।

प्रदर्शन में शामिल एआईएमपीएलबी के प्रवक्ता एसक्यूआर इलियास ने किसान कनूनों का जिक्र किया और दावा किया कि उसी तरह इस बिल को वापस करवाएंगे। अभी तो ये अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है। इलियास ने कहा कि जिस तरह किसानों ने केंद्र सरकार को मजबूर किया और कानून वापस करवाए उसी तरह हम कोशिश करेंगे कि ये बिल पास ही ना हो पाए। प्रशासन हमारा सहयोग करे। हुकूमत अगर इतनी बुजदिल हो कि बात ही ना सुन सके तो ऐसी हुकूमत को सरकार चलाने का हक नहीं है। उन्होंने कहा कि  संविधान की सुरक्षा के लिए हर कुर्बानी के लिए तैयार हैं।


ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष उबेदुल्लाह आजमी ने कहा कि हमारे सभी मजहबी मामलों की हिफाजत की जिम्मेदारी भारत संविधान देता है। जैसे हमारे लिए नमाज और रोजा जरूरी है वैसे ही वक्फ की हिफाजत भी जरूरी है। सरकार को चाहिए था कि वह वक्फ की जमीन को खुर्द-बुर्द करने वालों के खिलाफ एक्शन लेती, लेकिन सरकार ने वक्फ पर कब्जा करने के लिए ही कानून बना दिया। भारत को हमने ताबेदारी की बुनियाद पर कबूल नहीं किया बल्कि वफादारी की बुनियाद पर किया है। हिन्दुस्तान किसी के बाप की जागीर नहीं है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए