ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट, मौसम विभाग ने पूरे राज्य में जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने मौसम की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को 14 अगस्त तक उत्तर बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के ‘‘अत्यधिक गहरे दबाव क्षेत्र’’ में बदलने के कारण पिछले 24 घंटे से ओडिशा में भारी बारिश जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने पूरे ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
राष्ट्रीय मौसम एजेंसी ने अपने बयान में कहा, ‘‘उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल तट पर बना अत्यधिक गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया है। इसके गंगा के पश्चिमी भाग से होते हुए झारखंड की ओर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है और यह अगले 12 घंटों के दौरान ‘अवदाब’ में बदल सकता है।’’
अवदाब एक ऐसा मौसम तंत्र है जो कम दबाव के क्षेत्र से अधिक मजबूत लेकिन उष्णकटिबंधीय चक्रवात से कम तीव्र होता है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को ओडिशा में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने इस तंत्र के कारण गंगा के पश्चिमी भाग, छत्तीसगढ़ और झारखंड भी प्रभावित होंगे।
मौसम विभाग ने मौसम की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को 14 अगस्त तक उत्तर बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बालासोर जिले के भोगराई में सर्वाधिक 236 मिलीमीटर बारिश हुई, इसके बाद मयूरभंज जिले के श्यामाखुंटा में 230 मिलीमीटर, बारीपदा में 215 मिलीमीटर और बालासोर के राजघाट में 204 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बृहस्पतिवार सुबह साढ़े पांच बजे तक बालासोर शहर में सबसे अधिक 137 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि मयूरभंज की सिमलीपाल पहाड़ियों से बहुत भारी बारिश की सूचना है।
मयूरभंज में हुई बहुत भारी बारिश के कारण बालासोर जिले की बूढ़ाबलंगा और जलका जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। एक अधिकारी ने बताया कि बालासोर शहर के बड़े हिस्से में जलभराव की स्थिति बन गई है।
इस बीच, बीती रात से हो रही भारी बारिश के मद्देनजर अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को मयूरभंज जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने की घोषणा की।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
