लाल किला हिंसा केस: फिर सामने आया आरोपी लक्खा सिधाना, वीडियो जारी कर की ये अपील, पुलिस को किया खुला चैलेंज!

लक्खा सिधाना ने वीडियो में कहा कि 23 फरवरी को लाखों की संख्या में गिनती होनी चाहिए। आओ मेरे भइयों बड़ी संख्या में बठिंडा जिले मेहराज पिंड में आओ, वहां प्रदर्शन रखा गया है। बड़ी संख्या में कोशिश करें वहां पहुंचे, ताकि पता लगे कि हम किसान आंदोलन के साथ हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली में गणतंत्र दिवस के मौके पर ट्रैक्टर रैली के दौरान लाल किले पर धार्मिक झंडा फहराने और बवाल करने के मामले में फरार लक्खा सिंह सिधाना को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस बीच लक्खा सिधाना का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में लक्खा ने 23 फरवरी को बठिंडा में प्रदर्शन का ऐलान किया है।

लक्खा सिधाना ने वीडियो में कहा, “23 फरवरी को लाखों की संख्या में गिनती होनी चाहिए। आओ मेरे भइयों बड़ी संख्या में बठिंडा जिले मेहराज पिंड में आओ, वहां प्रदर्शन रखा गया है। बड़ी संख्या में कोशिश करें वहां पहुंचे, ताकि पता लगे कि हम किसान आंदोलन के साथ हैं।”


गणतंत्र दिवस पर लाल किले में हिंसा के बाद से ही लक्खा सिधाना फरार है। लक्खा पर दिल्ली पुलिस ने देशद्रोह समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने उसके ऊपर एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। लक्खा पर आरोप है कि उसने भड़काऊ भाषण देकर लोगों को उकसाया था। वो, अभी लगातार फेसबुक पर सक्रिय और पोस्ट कर रहा है।

कौन है लक्खा सिंह सिधाना?

पंजाब के बठिंडा का रहने वाले लक्खा सिधाना का असली नाम लखबीर सिंह है। वह कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी भी रह चुका है। बचपन से खेल में नाम कमाने वाला फिर खेल से अपराध की दुनिया में आने के बाद वह फिर राजनीति में चला आया। लक्खा सिधाना डबल एमए है। उसने किसान आंदोलन में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। लक्खा पर हत्या, हत्या के प्रयास और मारपीट के कई आरोप लगे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान लक्खा सिंह पर गांव भगता भाई में फायरिंग भी हुई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद सिधाना ने तत्कालीन अकाली मंत्री सिकंदर सिंह मलूका पर गंभीर आरोप लगाए थे। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा और लाल किले के प्राचीर पर धार्मिक झंडा फहराए जाने की घटना में सिधाना आरोपी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 20 Feb 2021, 9:34 AM