अमेठी से रिश्ता राजनीतिक नहीं, पारिवारिक, प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद

केंद्र सरकार पर हमला करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि विवादित कृषि कानून न केवल किसानों के बल्कि पूरे देश के हित के लिए खतरनाक हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से किसानों और समाज के कमजोर वर्गों का समर्थन करती आई है और आगे भी करती रहेगी।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को अमेठी की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अमेठी से उनका रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जामो ब्लॉक के दखिनवारा पंचायत के सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन निर्माण हम सबकी पहली प्राथमिकता है।

बैठक के दौरान केंद्र सरकार पर हमला करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कृषि कानून न केवल किसानों के बल्कि पूरे देश के हित के लिए हानिकारक हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों और समाज के कमजोर वर्गों का समर्थन करती है। वीडियो संवाद के जरिये प्रियंका गांधी को सुनने के लिए पंचायत में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे।

बता दें कि उत्तर प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के बाद से प्रियंका गांधी लगातार प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने में लगी हैं। इसी कड़ी में नए साल के मौके पर उनके फोटो लगे 10 लाख कैलेंडर उत्तर प्रदेश के शहरों और गांवों में बांटने के लिए भेजे गए हैं। पार्टी नेताओं को ये कैलेंडर हर गांव और शहर के प्रत्येक वार्ड में बांटने के निर्देश दिए गए हैं और हर जगह की आबादी के लिहाज से कैलेंडर दिए जा रहे हैं।

कांग्रेस के प्रांतीय मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया कि बारह पन्नों के इन कैलेंडर के हर पन्ने पर प्रियंका गांधी की बड़ी तस्वीरें हैं, जिनमें उनके जनसंपर्क कार्यक्रमों और संघर्षों और अभियानों की तस्वीरें हैं। उन्होंने बताया कि कैलेंडर में पहले पेज पर उंभा जनसंहार के बाद संवेदना व्यक्त करने सोनभद्र पहुंचीं प्रियंका गांधी की आदिवासी महिलाओं के साथ की फोटो है। इसके अलावा हाथरस कांड के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जाते समय रास्ते में पुलिस लाठीचार्ज से कार्यकर्ताओं को बचाती प्रियंका की तस्वीर भी कैलेंडर में शामिल है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia