गणतंत्र दिवस: इन स्टेशनों पर नहीं रुकेगी मेट्रो, आज रात 2 बजे से बंद होंगे कई रास्ते, निकलने से पहले जान लें

26 जनवरी को पूरा देश गणतंत्र दिवस मनाएगा। दिल्ली में परेड देखने के लिए लोग दूर दराज से आएंगे। सुरक्षा इंतजाम भी बेहद कड़े होंगे जिनका असर दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर भी पड़ेगा। डीएमआरसी ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस साल भारत अपना 71वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर 26 जनवरी को दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशनों को दोपहर 12 बजे तक बंद रखा जाएगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने एक एडवाइजरी जारी कर इस बात की जानकारी दी है।

इन जगहों पर मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद

डीएमआरसी ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो पर दोपहर 12 बजे तक यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी। वहीं, लोक कल्याण मार्ग और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन को सुबह 8 बजकर 45 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजे तक बंद रखा जाएगा। गणतंत्र दिवस की परेड के समय 6 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। जिनमें केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, पटेल चौक, रेस कोर्स, मंडी हाउस और प्रगति मैदान है। हालांकि इस बीच केंद्रीय सचिवालय पर यात्रियों के मेट्रो बदलने की सुविधा जारी रहेगी।

वॉयलेट लाइन के सभी मेट्रो स्टेशन दिनभर खुलेंगे, लेकिन आईटीओ, दिल्ली गेट, जामा मस्जिद और लाल किला के कुछ गेट दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे।


पार्किंग सेवा भी रहेगी बंद

डीएमआरसी की एडवाइजरी के मुताबिक, सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर में दिल्ली मेट्रो पार्किंग की सुविधा 26 जनवरी को सुबह 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक सभी मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग बंद रहेंगी। पार्किंग में नियमित रूप से खड़े वाहनों की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा पार्किंग में किसी नई गाड़ी की एंट्री नहीं होगी।

यातायात पर भी होगा प्रतिबंध

दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया है कि परेड के कारण रफी मार्ग, जनपथ और मानसिंह रोड पर सुबह 9.00 बजे दोपहर 12.00 बजे तक यातायात की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। कई रास्ते 25 जनवरी की रात से ही बंद कर दिए जाएंगे। ये मार्ग 26 जनवरी को परेड खत्म होने के बाद खुलेंगे। किन रास्तों से परेड स्थल तक कैसे पहुंचना है, इस बारे में पुलिस एडवाइजरी में बताया गया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, परेड का मुख्य रूट विजय चौक, राजपथ, इंडिया गेट, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से लाल किल तक होगा। सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर विजय चौक से राजपथ और इंडिया गेट की तरफ 25 जनवरी शाम 6 बजे से 26 जनवरी को परेड खत्म होने तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा। रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड से राजपथ तक 25 जनवरी की रात 11 बजे से परेड खत्म होने तक यातायात की आवाजाही बंद रहेगी। सी-हेक्सागन इंडिया गेट मार्ग 25 की रात में दो बजे से परेड खत्म होने तक बंद रहेगा। वहीं 26 जनवरी की सुबह 10 बजे से तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, सुभाष मार्ग पर दोनों तरफ से यातायात पर प्रतिबंधित रहेगा।


26 जनवरी को इन रास्तों का करें प्रयोग

उत्तरी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली जाने वाले लोग रिंग रोड-आश्रम चौक-सराय काले खां-आइपी फ्लाईओवर-राजघाट से रिंग रोड पहुंचे। मदरसा से लोधी रोड, अर¨बदो मार्ग-एम्स चौक, रिंग रोड धौला कुआं, वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड, पार्क स्ट्रीट होते हुए मंदिर मार्ग पहुंचा जा सकता है। पूर्वी दिल्ली से पश्चिमी दिल्ली जाने के लिए लोग रिंग रोड-भैरो मार्ग-मथुरा रोड-लोधी रोड, अर¨बदो मार्ग, एम्स चौक, होते हुए मंदिर मार्ग जबकि रिंग रोड से बर्फ खाना चौक, रानी झांसी रोड, वंदे मातरम मार्ग से मंदिर मार्ग के रास्ते पश्चिमी दिल्ली पहुंच सकते हैं। रिंग रोड से पश्चिमी दिल्ली जाने वाले आइएसबीटी, चंदगी राम अखाड़ा, माल रोड, आजादपुर के रास्ते पंजाबी बाग पहुंच सकते हैं।

26 जनवरी को सुबह सात बजे से इन रास्तों पर ऑटो-टैक्सी रहेंगी प्रतिबंधित

  • बाबा खड़क सिंह मार्ग
  • शोक रोड से पटेल चौक
  • संसद मार्ग से टॉल्सटॉय मार्ग
  • टॉल्सटॉय मार्ग से कस्तूरबा गांधी मार्ग
  • कस्तूरबा गांधी मार्ग से फिरोजशाह रोड
  • फिरोजशाह रोड से मंडी हाउस, भगवान दास रोड
  • मथुरा रोड
  • सुब्रमण्यम भारती मार्ग
  • हुमायूं रोड
  • एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग
  • कमल अता तुर्क मार्ग
  • कौटिल्य मार्ग और सरदार पटेल रोड

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 25 Jan 2020, 10:59 AM