आगामी लोकसभा चुनाव का परिणाम देश का इतिहास बदलने वाला होगा- नीतीश ने हेमंत से मुलाकात के बाद किया दावा

इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि नीतीश कुमार जी देश में विपक्षी दलों की एकजुटता में जुटे हैं। हम सभी उनके साथ हैं। राज्य और देश की अस्मिता कैसे बची रहे, इस पर बात हो रही है।

बीजेपी के खिलाफ विपक्षी एकता की मुहिम में जुटे नीतीश कुमार ने आज रांची में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की
बीजेपी के खिलाफ विपक्षी एकता की मुहिम में जुटे नीतीश कुमार ने आज रांची में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की
user

नवजीवन डेस्क

देश में विपक्षी एकजुटता की मुहिम के तहत रांची पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इसके बाद दोनों नेता मीडिया से मुखातिब हुए। नीतीश कुमार ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव का परिणाम देश का इतिहास बदलने वाला होगा। विपक्ष के दल एक साथ आ रहे हैं। यह एकजुटता उन ताकतों के खिलाफ हैं, जो देश के पुराने इतिहास को मनमर्जी से बदलने की कोशिश कर रहे हैं।

नीतीश कुमार की हेमंत सोरेन के साथ मुलाकात के दौरान जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार ने कहा कि हेमंत सोरेन जी से बात हुई है। हम सभी की राय एक है। देश के हित में एकजुटता का यह प्रयास चल रहा है। देश में अभी एकतरफा बातें हो रही हैं। किसी और की सुनी नहीं जा रही है। आजादी का 75वां वर्ष मनाने की शुरूआत हुई, लेकिन उनके पास बात का कोई जवाब है कि क्या 75 वर्ष यूं ही गुजर गए या फिर देश का कोई इतिहास था।


नीतीश कुमार ने कहा कि देश में बेकार की बातें बंद होनी चाहिए। किसी समाज के साथ विवाद नहीं होना चाहिए। देश को आगे बढ़ाना है। बिहार और झारखंड एक जैसे राज्य हैं। दोनों का विकास होना चाहिए। नीतीश कुमार ने जेएमएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन से अपने पुराने संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि आप सभी को पता है कि वे हमें कितना मानते हैं।

इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि नीतीश कुमार जी देश में विपक्षी दलों की एकजुटता में जुटे हैं। हम सभी उनके साथ हैं। राज्य और देश की अस्मिता कैसे बची रहे, इस पर बात हो रही है।

इसके पहले बुधवार दोपहर बाद विशेष विमान से रांची पहुंचने पर नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और ललन सिंह का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत हुआ। झारखंड सरकार के मंत्री मिथिलेश ठाकुर और सत्यानंद भोक्ता उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia