पोस्ट करने वालों का नाम, पता, कॉन्टैक्ट डिटेल्स बताओ; अभद्र टिप्पणी पर दिल्ली पुलिस का 'X' को लेटर
दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ पत्र लिखकर कहा है कि संवैधानिक प्रमुखों के खिलाफ अपमानजनक, भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री शेयर किए जा रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा वाले पोस्ट को लेकर एक्स (पहले ट्विटर) को नोटिस भेजा है। पुलिस ने ऐसे पोस्टों को न सिर्फ तुरंत डिलीट करने को कहा है बल्कि, उनसे संबंधित अकाउंट होल्डर का नाम और पता समेत अन्य जरूरी विवरण भी मांगे हैं।
पुलिस ने अकाउंट होल्डर की पूरी जानकारी मांगी
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभद्र टिप्पणियों के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद यह कदम उठाया है। पुलिस ने ‘एक्स’ पत्र लिखकर कहा है कि संवैधानिक प्रमुखों के खिलाफ अपमानजनक, भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री शेयर किए जा रहे हैं। पुलिस ने एक्स से ऐसे पोस्ट/वीडियो को तुरंत डिलीट करने को कहा है। इसके साथ ही ऐसे पोस्ट करने वाले अकाउंट होल्डर का पूरा नाम, पता, कॉन्टैक्ट डिटेल्स और ईमेल आईडी जैसी पूरी रजिस्ट्रेंट डिटेल्स भी मांगी गई है। इसके अलावा कंटेंट पोस्ट करने वाले कि लॉगिन और लॉगआउट डिटेल्स, समय और तारीख की मुहर भी मांगी गई है।
पुलिस ने एक्स से जांच में काम आने वाली और भी कोई ज़रूरी जानकारी हो तो उसे भी देने को कहा है। इसके साथ ही कथित पोस्ट/वीडियो से जुड़ी डिटेल्स को भी भविष्य के लिए संभाल कर रखने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर निगरानी और कानूनी कार्रवाई जारी
दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर कानून का उल्लंघन करने वाली सामग्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए ऐसे पोस्ट की पहचान की जा रही है जिनमें कथित तौर पर आपत्तिजनक, अभद्र या भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया है। ऐसे मामलों में संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, अकाउंट संचालकों और अन्य पक्षों को नोटिस भेजकर जानकारी मांगी जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
