विधायकों की पिटाई के खिलाफ आरजेडी ने कल बिहार बंद बुलाया, तेजस्वी ने कहा- डरने वाले नहीं, लड़ाई जारी रहेगी
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि 26 मार्च को किसान संगठनों का भारत बंद है। बिहार विधानसभा में विधायकों के साथ हुए अत्याचार के विरोध में और बेरोजगारी के मुद्दे पर 26 मार्च को महागठबंधन द्वारा बिहार बंद का एलान किया गया है। पार्टी इस दिन काला दिवस मनाएगी।

बिहार विधानसभा में 23 मार्च को हुई घटना के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने 26 मार्च को काला दिवस मनाने का ऐलान करते हुए बिहार बंद का आह्वान किया है। बिहार बंद की घोषणा आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने की। उन्होंने कहा कि सदन में बंदूक की नोंक पर विधेयक पास कराया गया। बिहार पुलिस अब जेडीयू पुलिस हो गई है। उन्होंने सत्ता पक्ष को चेतावनी वाले लहजे में कहा कि हम डरने वालों में से नहीं हैं। लड़ाई चलती रहेगी।
राजधानी पटना में गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में तेजस्वी यादव ने कहा, "सरकार द्वारा पुलिस की बंदूक के नोंक पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल विधेयक 2021 पास कराया गया। किसी भी हाल में बिहार सरकार को इस कानून को वापस लेना पड़ेगा या इसमें संशोधन करना पड़ेगा।"
इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने 26 मार्च को बिहार बंद का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 26 मार्च को किसान संगठनों का भारत बंद है। विधानसभा में विधायकों के साथ हुए अत्याचार के विरोध में और बेरोजगारी के मुद्दे पर 26 मार्च को महागठबंधन द्वारा बिहार बंद का एलान किया गया है। पार्टी इस दिन काला दिवस मनाएगी।
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक बार फिर झूठ बोलने वाला मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि ऐसी घटना विधानसभा में पहले नहीं हुई है। तेजस्वी ने दावा करते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर तीन दिन और तीन रात सदन में धरने पर बैठे रहे थे, लेकिन उस समय सरकार बाहर से पुलिस नहीं बुलाई थी।
आरजेडी नेता ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा की घटना को अभूतपूर्व बता रहे हैं। विधायकों को पीटने वाले पुलिसकर्मियों को क्लिीनचीट दे रहे हैं, लेकिन विधानसभा में हुई घटना पर खेद प्रकट नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सदन में धमकी दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरे किसी भी तर्कपूर्ण प्रश्न का जवाब नहीं दिया गया। इस बार के सत्र में सरकार के ही मंत्रियों ने बहस का स्तर गिराया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा में बंदूक के बल पर बिल पेश किया गया और उसे पास कराया गया। उन्होंने कहा, "बिहार पुलिस अब जेडीयू पुलिस हो गई है। लेकिन, हम बीजेपी के लोग नहीं हैं, जो लाठी डंडे से डर जाएं। हम डरने वाले नहीं हैं। लड़ाई चलती रहेगी। सरकार कब पलटेगी कोई ठीक नहीं है।"
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 25 Mar 2021, 3:53 PM
