बिहार: नवादा के आरजेडी नेता का सिर कटा शव नालंदा में बरामद, अगवा कर हत्या की आशंका

पुलिस ने अनुसार, 8 जुलाई को आरजेडी नेता कैलाश पासवान के परिजनों ने थाने में अपहरण का मामला दर्ज करवाया था। परिजनों ने बताया था कि 6 जुलाई को नारदीगंज के बुच्ची गांव का छोटू गुप्ता, कैलाश पासवान को अपने बोलेरो से ले गया था, उसके बाद से वे घर नहीं लौटे।

फोटो: सोशल मीडिया
i

बिहार के नवादा जिले में करीब एक हफ्ते पहले गायब राष्ट्रीय जनता दल के जिला महासचिव कैलाश पासवान का सिर कटा शव बरामद किया गया है। उनका शव नालंदा जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र में एक पुल के नीचे से बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, नवादा के रहने वाले कैलाश पासवान 6 जुलाई से गायब थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तब उनके बेटे संजय ने नवादा के नगर थाना में उनके अपहरण का मामला दर्ज करवाया था।

नगर थाना के प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि 8 जुलाई को दर्ज मामले में अपहरण की आशंका जताते हुए आरोप लगाया गया था कि 6 जुलाई को नारदीगंज के बुच्ची गांव का छोटू गुप्ता, कैलाश को अपने बोलेरो से ले गया और उसके बाद से वह घर नहीं लौटे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बीच 7 जुलाई को नालंदा जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के माढ़ीलाल गांव के पास एक पुल के नीचे से सिरकटा शव बरामद किया। इसके बाद सोमवार को कैलाश के परिजनों ने शव की पहचान आरजेडी नेता कैलाश के रूप में की।

पुलिस ने आशंका जताते हुए कहा कि अपराधियों ने आरजेडी नेता की गला रेतकर हत्या करने के बाद शव की पहचान छिपाने के लिए सिर को गायब कर दिया और धड़ को वही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। वहीं हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 10 Jul 2018, 12:04 PM