बिहार: सीएम नीतीश की जापान यात्रा पर तेजस्वी का तंज, कहा, सायोनारा, सायोनारा, सायोनारा नीतीश चच्चा...

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार की जापान यात्रा पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि 8 साल पहले नीतीश कुमार ने कहा था - ‘ले गई दिल गुड़िया जापान की’, अब वे उसे पूरा कर रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

IANS

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जापान यात्रा को लेकर आरजेडी नेता और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने निशाना साधा है। तेजस्वी ने नीतीश कुमार को 'चच्चा' कहकर संबोधित किया। तेजस्वी ने काव्यात्मक शैली में ट्वीट कर कहा, “शुरू हुई ढलान तो चच्चा चले जापान, अब कुछ ना बचल बंद भइल दुकान सायोनारा, सायोनारा, सायोनारा नीतीश चच्चा'।"

सीएम नीतीश कुमार की जापान यात्रा पर तंज कसते हुए तेजस्वी यादव ने कई ट्वीट किए। एक अन्य ट्वीट में तेजस्वी यादव ने कहा, “नीतीश चच्चा 'लव इन टोकियो' कर रहे हैं। 8 साल पहले उन्होंने कहा था ‘ले गई दिल गुड़िया जापान की’। लगता है चच्चा अब उसे पूरा कर रहे हैं।”

तेजस्वी यादव ने अगले ट्वीट में लिखा, “हमरा बुलावत किसान, नौजवान। नीतीश चच्चा के लौकत बस जापान। सायोनारा, सायोनारा, सायोनारा नीतीश जी।"

वहीं जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद के परिवार को भ्रष्टाचारी बताते हुए तेजस्वी यादव पर पलटवार किया। नीरज कुमार ने ट्वीट कर कहा, “इस परिवार की है बीमारी, देखो इनकी गद्दारी। गाय का चारा खाते ये, काला धन की कालिख लगाते ये। धरती के टुकड़े का सौदा कर, उसको भी नोच खाते ये। इस देश की ये बीमारी हैं, ये भूखे भ्रष्टाचारी।”

अपने अगले ट्वीट में नीरज कुमार ने लालू यादव के जेल में रहने की बात कहते हुए कहा, "लाखों का धन है तो भी, क्यों आज भिखारी बन बैठे। काले धन की पूजा करके, जाने कैसे तन बैठे। पिता है, जेल में तो भी 'जापान' की बात कर बैठे। जोहार।”

गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश इन दिनों अपनी 4 दिवसीय जापान यात्रा पर हैं। उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी जापान गया है। नीतीश कुमार ने 19 फरवरी को जापान के प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia