बिहार चुनाव के लिए आरजेडी का नारा- ‘अबकी बार चुपचाप लालटेन छाप’, कैंपेन वीडियो हुआ रिलीज

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को आरजेडी ने ‘अबकी बार चुपचाप लालटेन छाप’ के नारे के साथ अपना कैंपेन वीडियो रिलीज कर दिया। इससे पहले एक ट्वीट के जरिए आरजेडी ने जेडीयू और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ना भूलेंगे, ना भूलने देंगे।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

आसिफ एस खान

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान अब जोर पकड़ने लगा है। इसी के साथ चुनावी कैंपेन में धमाकेदार नारों और वीडियो की एंट्री भी शुरू हो गई है। सोमवार को प्रमुख विपक्षी दल आरजेडी ने नीतीश सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए ‘अबकी बार लालटेन छाप’ नारे के साथ अपना वीडियो कैंपेन जारी कर दिया।

सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के साथ पार्टी का चुनावी कैंपेन वीडियो लॉन्च किया। इसमें जेडीयू की नीतीश सरकार को फेल बताया गया है। इस गाने को ‘तेजस्वी भवः’ नाम से जारी किया गया है। आरजेडी ने एक ट्वीट के जरिये कहा कि ना भूलेंगे, ना भूलने देंगे। जुमलेबाज़ों की एक नहीं चलने देंगे! अबकी बार चुपचाप लालटेन छाप!

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आरजेडी का अभियान भी जोर पकड़ने लगा है। आरजेडी के साथ महागठबंधन में शामिल कांग्रेस ने भी अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, डॉ मनमोहन सिंह समेत कई राष्ट्रीय नेताओं का नाम शामिल है। अब धीरे-धीरे इन सभी नेताओं का बिहार आने का सिलसिला शुरू होगा। कांग्रेस पहले से ही वर्चुअल अभियान चला रही है।

वहीं चुनाव के लिए सत्ताधारी जेडीयू का प्रचार अभियान पहले से ही चल रहा है। वह अब और रफ्तार पकड़ने लगा है। सोमवार से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपना वर्चुअल प्रचार अभियान शुरू किया। मंगलवार को भी वह वर्चुअल प्रचार के जरिये कई क्षेत्रों को संबोधित करेंगे। इसके बाद 14 अक्टूबर से नीतीश के चुनावी सभाओं का दौर शुरू होगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia