राजीव गांधी खेल रत्न के लिए रोहित शर्मा के नााम की सिफारिश, मानिका, मरियप्पन और विनेश भी लिस्ट में शामिल

इस साला कोरोना महामारी के खतरे के कारण राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह ऑनलाइन आयोजित होने की चर्चा है। बता दें कि हर साल 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन भारत के राष्ट्रपति राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान करते हैं, जो कि महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार- राजीव गांधी खेल रत्न के लिए भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा, टेबल टेनिस खिलाड़ी मानिका बत्रा, महिला पहलवान विनेश फोगाट और पैरा हाई जम्पर मरियप्पन थांगावेलू के नाम की सिफारिश की गई है। अब इस सिफारिश पर खेल मंत्रालय अंतिम मुहर लगाएगा और फिर 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद खेल रत्न के अलावा अन्य खेल पुरस्कार प्रदान करेंगे।

खेल रत्न के लिए नामांकित क्रिकेटर रोहित शर्मा को अगर यह पुरस्कार मिलता है तो वह सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के बाद यह सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि खेल मंत्रालय इसी सप्ताह नामों पर अपनी मुहर लगा देगा।

इससे पहले राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की 12 सदस्यीय चयन समिति की बैठक के पहले दिन सोमवार को द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार के लिए नामों की सिफारिश की गई। इसके बाद मंगलवार को समिति ने राजीव गांधी खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार के लिए नाम तय किए। सोमवार को चयन समिति ने जूनियर भारतीय पिस्टल टीम के मुख्य कोच जसपाल राणा के नाम का चयन इस साल के द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए किया।

जसपाल राणा को बीते साल अवॉर्ड नहीं मिलने पर काफी विवाद हुआ था और मामला अदालत तक पहुंच गया था। राणा के साथ डेविस कप टीम के कप्तान, कोच रहे 91 साल के नरेश कुमार और पूर्व हॉकी कप्तान और जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच रहे जूड फीलिक्स के नाम की सिफारिश भी द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए की गई है।

बता दें कि हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन भारत के राष्ट्रपति राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान करते हैं। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार शामिल हैं। खबर है कि इस साल कोरोना वायरस महामारी के कारण राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह ऑनलाइन आयोजित हो सकते हैं, जिसमें सभी विजेता अपने-अपने स्थानों से 29 अगस्त को लॉग इन कर अपने नामों की घोषणा होते सुनेंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */