देवरिया महिला आश्रय गृह मामले को लेकर राज्यसभा में हंगामा, संजय सिंह ने उठाया मुद्दा, एसपी ने किया समर्थन

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के एक महिला आश्रय गृह में कथित तौर पर सेक्स रैकेट चलाए जाने को लेकर राज्यसभा में हंगामा हुआ। इस दौरान आप के सदस्य संजय सिंह देवरिया के मुद्दे को उठाना चाहते थे लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई। संजय सिंह का समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने समर्थन किया।

फोटो: सोशल मीडिया 
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

राज्यसभा में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के एक महिला आश्रय गृह में कथित तौर पर सेक्स रैकेट चलाए जाने को लेकर हंगामा हुआ। हंगामे की वजह से सभापति को कुछ देर के लिए सदन को स्थगित करना पड़ा।

सदन के पटल पर दस्तावेजों और बयान रखे जाने के तुरंत बाद सभापति एम वेंकैया नायडू ने सदस्यों के आचरण के संबंध में कुछ टिप्पणियां की। इस दौरान आप के सदस्य संजय सिंह खड़े थे। वह देवरिया के मुद्दे को उठाना चाहते थे लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई। संजय सिंह का समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने समर्थन किया।

वेंकैया नायडू ने संजय सिंह को उनके आचरण के लिए चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “यह कोई तरीका नहीं है। मैं आपका नाम लूंगा।” लेकिन संजय सिंह नहीं माने और अपना विरोध जारी रखा।

विपक्षी पार्टियों ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के निकट में भी इस मुद्दे पर प्रदर्शन किया।

वहीं लोकसभा में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसी घटना दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। योगी सरकार को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि तुरंत संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि बाल सुधार गृहों के लिए सभी राज्यों को एडवाइडरी भेजी जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देवरिया और मुजफ्फरपुर जैसी घटनाओं की जांच के लिए स्पीकर से एक सदन समिति बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं शर्मसार करने वाली हैं। खड़गे ने कहा कि निर्भया की घटना के बाद एक सरकार चली गई थी।

लोकसभा में गृहमंत्री के बयान पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए समाजवादी पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव ने तंज किया कि समाजवादी पार्टी गृहमंत्री के बयान से पूरी तरह सहमत है। उन्हें बधाई देनी चाहिए थी बेटी को, लेकिन बधाई दे रहे हैं मुख्यमंत्री को। समाजवादी पार्टी ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया है।

बिहार के मुजफ्फरपुर आश्रय गृह मामले की तरह, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के आश्रय गृह से रविवार को देर रात 24 लड़कियों को बचाया गया। इन लड़कियों में से एक ने पुलिस के पास जाकर यौन शोषण की बात कही थी जिसके बाद लड़कियों को बचाया गया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 07 Aug 2018, 1:11 PM