मध्य प्रदेश विधानसभा में नर्सिंग घोटाले पर हंगामा, कांग्रेस के तेवर देख अध्यक्ष ने दिया चर्चा का भरोसा

विधानसभा में नेता विपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज घोटाले पर सरकार विधानसभा में चर्चा से बचना चाहती है। हम सदन की कार्यवाही को खराब करना नहीं चाहते, पर सरकार नहीं चाहती कि इस पर कोई बात हो। हम चाहते हैं कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में चर्चा हो।

मध्य प्रदेश विधानसभा में नर्सिंग घोटाले पर हंगामा, कांग्रेस के तेवर देख अध्यक्ष ने दिया चर्चा का भरोसा
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को कांग्रेस ने नर्सिंग घोटाले पर चर्चा कराए जाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। जोरदार हंगामे के चलते कार्यवाही को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इस मसले पर कांग्रेस के तेवर को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने चर्चा कराने का भरोसा दिया है।

मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को शुरू हुआ। सबसे पहले दिवंगत सदस्यों और अन्य प्रतिष्ठित जनों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने नर्सिंग घोटाले पर चर्चा कराने के लिए हंगामा किया। पहले एक बार सदन की कार्यवाही को स्थगित किया गया। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर कांग्रेस विधायकों ने फिर हंगामा शुरू कर दिया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यवाही को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया।


विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि नर्सिंग कॉलेज घोटाले पर सरकार विधानसभा में चर्चा से बचना चाहती है। हम सदन की कार्यवाही को खराब करना नहीं चाहते, पर सरकार नहीं चाहती कि इस पर कोई बात हो। अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने इस मुद्दे पर अलग से चर्चा का भरोसा दिलाया है। मंगलवार को प्रश्नकाल के बाद समय देने की बात कही है। विपक्ष पर सदन में हंगामे के आरोप लगते हैं। जबकि हम चाहते हैं कि महत्वपूर्ण मुद्दों की सदन में चर्चा कराई जाए।

गौरतलब है कि राज्य की 16वीं विधानसभा का तीसरा सत्र सोमवार से शुरू हो गया। 19 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल चौदह बैठकें होंगी। इस सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय को तारांकित 2,108 और अतारांकित 2,179 (कुल 4287) प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। जबकि, ध्यानाकर्षण की 163, स्थगन प्रस्ताव की एक, अशासकीय संकल्प की 27 और शून्यकाल की 43 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। लेकिन आज सदन के पहले दिन ही विपक्ष के तेवर देख आने वाले दिनों में भारी हंगामे की आशंका जताई जा रही है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia