लखनऊ: सपा विधायक दल के नेता चुने गए अखिलेश यादव, सदन में होंगे नेता प्रतिपक्ष

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद सपा के नवनिर्वाचित विधायकों की आज बैठक चल रही है। इस बैठक में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को नेता प्रतिपक्ष चुना गया।

फोटोः सोशल मीडिया
i

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद सपा के नवनिर्वाचित विधायकों की आज बैठक चल रही है। इस बैठक में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को नेता प्रतिपक्ष चुना गया।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष का प्रस्ताव वरिष्ठ विधायक अवधेश प्रसाद ने किया। जबकि इसका अनुमोदन आलम बदी ने किया। वहीं विधान मंडल दल के नेता का प्रस्ताव लालजी वर्मा ने रखा। साथ ही विधान परिषद के लिए प्रस्ताव राजेंद्र चौधरी ने किया।

विधानसभा चुनाव के मैदान में पहली बार उतरे अखिलेश यादव ने मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की। करहल को समाजवादी पार्टी के लिए सबसे सुरक्षित सीट माना जाता है। आजमगढ़ से सांसद रहते विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले अखिलेश यादव ने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया है। अखिलेश यादव से पहले बलिया के बांसडीह से विधायक रहे राम गोविंद चैधरी नेता प्रतिपक्ष होते थे। इस बार वह चुनाव हार गए हैं।

हाल में संपन्न उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करहल सीट से विधायक चुने जाने के बाद आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने कहा कि सामाजिक अन्याय के खिलाफ संघर्ष के लिए यह 'त्याग' जरूरी था। अखिलेश ने एक ट्वीट में कहा, विधानसभा में उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों ने हमें नैतिक जीत दिलाकर जन-आंदोलन का जनादेश दिया है। इसका मान रखने के लिए मैं करहल का प्रतिनिधित्व करूंगा और आजमगढ़ की तरक्की के लिए भी हमेशा वचनबद्ध रहूंगा।

कहा, ''महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ संघर्ष के लिए ये त्याग जरूरी है।'' ऐसी अटकलें थीं कि अखिलेश प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

गौरतलब हो कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी ने छोटे दलों के साथ गठबंधन किया। सपा गठबंधन को 125 सीट मिली हैं। इनमें 111 विधायक समाजवादी पार्टी, आठ विधायक राष्ट्रीय लोकदल और छह विधायक ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के हैं।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए