प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उठाए सवाल, अखिलेश यादव बोले- हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे

अखिलेश यादव ने कहा, "यह दुखद है कि वे (प्रतीक यादव) आज हमारे बीच नहीं हैं। कानून और परिवार के लोग जो कहेंगे हम उसी बात को मानेंगे। हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे।"

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

मुलायम सिंह यादव के बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया। इसके बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मांग की है कि प्रतीक यादव की मौत की जांच होनी चाहिए।

अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव अपने छोटे भाई प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को देखने सिविल अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात भी की। उन्होंने कहा, "मैंने प्रतीक को बचपन से देखा है। आज वे हमारे बीच नहीं है। हमें इस बात का बहुत दुख है। वे जीवन में आगे बढ़कर काम करना चाहते थे। यह दुखद है कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं। कानून और परिवार के लोग जो कहेंगे हम उसी बात को मानेंगे। हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे।"

मामले की जांच की मांग 

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता शौकत अली ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह हमारे लिए बहुत दुखद खबर है और आज का माहौल बहुत गमगीन है। ऐसा लगता है कि हमने एक युवा व्यक्ति को खो दिया है। इस मामले की जांच होनी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "वह एक ऐसे युवा थे जो समाज की सेवा कर रहे थे, और अब वह हमारे बीच नहीं रहे। यह हम सभी के लिए बहुत चिंता और दुख का विषय है। यह एक बहुत ही दुखद घटना है और इसके सभी पहलुओं की ठीक से जांच होनी चाहिए। यह पता लगाया जाना चाहिए कि उनका निधन किस कारण से हुआ है। जांच में जो भी चीजें स्पष्ट होंगी, वो सबको पता भी चलेगा।"


समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा, "यह एक बहुत ही दुखद घटना है। अखिलेश यादव यहां पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच गए हैं। हमें सबसे पहले सुबह 6 बजे मीडिया के जरिए इस बारे में पता चला। हमें सुबह जानकारी मिली कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया है। यह बेहद दुखद है। हम सभी यहां पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद हैं।"

समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने कहा, "जब हमने आप लोगों के जरिए घर पर यह खबर सुनी, तो हम सन्न रह गए। हम उनके निधन के दुख को सहन नहीं कर पा रहे हैं। हम सभी गहरे सदमे में हैं। अब सच्चाई आप लोगों के माध्यम से सामने आनी चाहिए कि निधन कैसे हुआ।"


इससे पहले, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। वे लखनऊ स्थित केजीएमयू पहुंचे हुए हैं, जहां प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम चल रहा है। अखिलेश ने 'एक्स' पर लिखा, "प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia