असामाजिक तत्वों ने शांतिपूर्ण आंदोलन में की घुसपैठ, किसान मोर्चा ने की ट्रैक्टर परेड में बवाल की निंदा

दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान कुछ जगहों पर हुई हिंसा की संयुक्त किसान मोर्चा ने कड़े शब्दों में निंदा की है। मोर्चा ने कुछ असामाजिक तत्वों के शांतिपूर्ण आंदोलन में घुसपैठ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे कृत्यों में लिप्त लोग हमारे सहयोगी नहीं हैं।

फोटोः बिपिन
फोटोः बिपिन
user

आसिफ एस खान

दो महीने से ज्यादा समय से दिल्ली की सीमाओं पर सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों द्वारा आज गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली के अंदर निकाले गए ट्रैक्टर परेड के दौरान कई जगहों पर झड़प और हिंसा की घटना पर संयुक्त किसान मोर्चा ने बयान जारी कर इन घटनाओं की निंदा की है।

गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में हुए उपद्रव की घटनाओं के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने बयान जारी कर कहा कि “हमारे सभी प्रयासों के बावजूद कुछ संगठनों और व्यक्तियों द्वारा रूट का उल्लंघन करने का निंदनीय कृत्य किया गया। असामाजिक तत्वों ने शांतिपूर्ण आंदोलन में घुसपैठ की। हमने हमेशा माना है कि शांति हमारी सबसे बड़ी ताकत है और किसी भी तरह से इसके उल्लंघन से आंदोलन को नुकसान होगा।

इसके साथ ही संयुक्त किसान मोर्चा ने गणतंत्र दिवस ट्रैक्टर परेड में अभूतपूर्व भागीदारी के लिए किसानों को धन्यवाद दिया। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि हम उन अवांछनीय और अस्वीकार्य घटनाओं की भी निंदा करते हैं, जो आज घटित हुई हैं। ऐसे कृत्यों में लिप्त होने वाले लोग हमारे सहयोगी नहीं हैं।

इससे पहले किसान ट्रैक्टर परेड में हुए उपद्रव को लेकर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने भी दावा किया कि कुछ राजनीतिक पार्टियों के लोग आंदोलन में शामिल होकर गड़बड़ी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम उन लोगों को जानते हैं जो अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी पहचान हो गई है। ये राजनीतिक दलों के लोग हैं जो आंदोलन को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

बता दें कि मोदी सरकार के विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ दो महीने से भी ज्यादा समय से दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज 26 जनवरी के मौके पर दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च निकालने का ऐलान किया था। दिल्ली पुलिस से लंबी चर्चा के बाद किसानों को कुछ शर्तों के साथ दिल्ली में परेड निकलेने की अनुमति मिली थी। लेकिन आज सुबह जैसे ही किसानों ने विभिन्न सीमाओं से दिल्ली के लिए कूच किया तो जगह-जगह पुलिस ने उन्हें अवरोध खड़ा कर रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कई जगहों पर किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान दिल्ली पहुंचे किसानों के एक जत्थे ने लालकिले में घुसकर वहां निशान साहिब का झंडा फहरा दिया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia