"डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है", CM केजरीवाल की गिरफ्तार पर विपक्ष का मोदी सरकार हमला

प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘चुनाव के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस तरह निशाना बनाना एकदम गलत और असंवैधानिक है। राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री जी को शोभा देता है, न उनकी सरकार को।’’

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

आप नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सभी विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है।"

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में बृहस्पतिवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया।

राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, "मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज़ करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। INDIA इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।"

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी ईडी की इस कार्रवाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाना गलत और असंवैधानिक है।

प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘चुनाव के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस तरह निशाना बनाना एकदम गलत और असंवैधानिक है। राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री जी को शोभा देता है, न उनकी सरकार को।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अपने आलोचकों से चुनावी रणभूमि में उतरकर लड़िये, उनका डटकर मुक़ाबला करिए, उनकी नीतियों और कार्यशैली पर बेशक हमला करिए - यही लोकतंत्र होता है। मगर इस तरह देश की सारी संस्थाओं की ताकत का अपने राजनीतिक मक़सद को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करना, दबाव डालकर उन्हें कमज़ोर करना लोकतंत्र के हर उसूल के ख़िलाफ़ है।’’

प्रियंका गांधी ने दावा किया कि देश के विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज़ कर दिये गये हैं, तमाम राजनीतिक दलों और उनके नेताओं पर ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग का दिन रात दबाव है।

उन्होने कहा, ‘‘एक मुख्यमंत्री जेल में डलवा दिये गये हैं, अब दूसरे मुख्यमंत्री को भी जेल ले जाने की तैयारी हो रही है। ऐसा शर्मनाक दृश्य भारत के स्वतंत्र इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है।’’


कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने कहा कि बिना जांच के केजरीवाल की गिरफ्तारी करना गलत है।

एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पवार ने कहा, विपक्ष को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के बदले की भावना से किए जा रहे दुरुपयोग की कड़ी निंदा करता हूं, खासकर जब आम चुनाव नजदीक आ रहे हों।"

उन्होंने आगे कहा, "यह गिरफ्तारी दर्शाती है कि बीजेपी सत्ता के लिए किस हद तक गिर सकती है। इस असंवैधानिक कार्रवाई के खिलाफ 'इंडिया' एकजुट है।"

उधर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "जो ख़ुद हैं शिकस्त के ख़ौफ़ में क़ैद ‘वो’ क्या करेंगे किसी और को क़ैद। बीजेपी जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ़्तारी एक नई जन-क्रांति को जन्म देगी।"


बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में बृहस्पतिवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा केजरीवाल को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। उनकी इस गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia