महाराष्ट्र में कोरोना की डरावनी रफ्तार, 24 घंटे में हजार से ज्यादा नए केस आए, 9 मरीजों की गई जान

ताजा हालात के बीच आशंका जताई जा रही है कि आने वाले हफ्तों में कोरोना वायरस के केसों में बढ़ोतरी हो सकती है। मुंबई और राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

देश के अलग-अलग राज्यों में एक बार फिर कोरोना वायरस के केसों में खतरनाक बढ़ोतरी होती नजर आ रही है। महाराष्ट्र में तो यह रफ्तार डरावनी होती जा रही है। राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, राज्य में बुधवार को कोविड-19 के हजार से अधिक नए केस दर्ज किए गए हैं और नौ लोगों की मौत हुई है। जिनमें मुंबई और पुणे सबसे ज्यादा प्रभावित रहे हैं।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कोविड-19 के 1,115 नये केस दर्ज किए गए हैं और इसी के साथ एक्टिव केसों की संख्या 5,421 हो गई है। वहीं, मुंबई में एक्टिव केसों की संख्या 1,577, ठाणे में 953, पुणे में 776 और नागपुर में 548 है। जबकि परहानी जिले में कोई मामला नहीं है। राज्य में कोरोना से हुई कुल 9 मौतों में से 5 मुंबई सर्कल में हुई है, जबकि मुंबई सर्कल में संक्रमण की अधिकतम संख्या 590 भी दर्ज की गई है।


इसके बाद पुणे सर्कल में 190, नागपुर सर्कल में 174, कोल्हापुर सर्कल में 50, अकोला सर्कल में 45, लातूर सर्कल में 37, नासिक सर्कल में 15 और औरंगाबाद सर्कल में 14 दर्ज की गई है। लगातार बढ़ते कोरोना मामलों के कारण अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने 24 दिसंबर 2022 से मुंबई, पुणे और नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर आने वाले यात्रियों की औचक जांच शुरू कर दी है।

अब तक, 40,250 यात्रियों की आरटी-पीसीआर जांच की गई है, जिनमें से 67 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव यात्रियों में मुंबई के 15, पुणे के 12 और ठाणे, पालघर, औरंगाबाद, सांगली, अमरावती, सतारा और नागपुर के एक-एक यात्री शामिल हैं। शेष में गुजरात से छह, उत्तर प्रदेश से पांच, केरल, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से तीन-तीन, तेलंगाना, राजस्थान और तमिलनाडु से दो-दो और दिल्ली, गोवा, असम, बिहार, तमिलनाडु, कर्नाटक और पंजाब से एक-एक शामिल हैं।


ताजा हालात के बीच आशंका जताई जा रही है कि आने वालों हफ्तों में कोविड-19 के केसों में बढ़ोतरी हो सकती है। मुंबई और राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। मार्च 2020 में कोविड-19 महामारी की शुरुआत से राज्य में कुल संक्रमितों की कुल संख्या 81,52,291 हो गई है और अब तक कुल 1,48,470 मरीजों की मौत हो चुकी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia