ओडिशा में लू के कहर को देखते हुए 27 अप्रैल से स्कूल बंद, सरकार ने किया गर्मी की छुट्टियों का ऐलान

इसके अलावा, बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सरकार ने जनगणना करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जनगणना का काम रोक दिया गया है।

ओडिशा में लू के कहर को देखते हुए 27 अप्रैल से स्कूल बंद, सरकार ने किया गर्मी की छुट्टियों का ऐलान
i
user

नवजीवन डेस्क

ओडिशा में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कहर को देखते हुए सरकार ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां पहले ही घोषित कर दी हैं। अब राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 27 अप्रैल से बंद रहेंगे। यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। सरकार ने स्कूल और जन शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हालांकि, पहले से तय परीक्षाएं, जनगणना से जुड़े काम और अन्य सरकारी कार्य अपने निर्धारित समय पर ही होंगे।

इस समय ओडिशा में भीषण गर्मी पड़ रही है। कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो चुका है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2–3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। विभाग ने कुछ जिलों जैसे बोलांगीर, झारसुगुड़ा, संबलपुर, क्योंझर और खुर्दा में हीटवेव (लू) का येलो अलर्ट भी जारी किया है।


गुरुवार को ओडिशा के 24 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें झारसुगुड़ा और तालचेर सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी तरह, शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे तक ही झारसुगुड़ा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया था। राज्य के कई अन्य इलाकों में भी तापमान इसी के आसपास बना हुआ था। गर्मी इतनी तेज है कि सुबह 11 बजे के बाद ही सड़कों पर भीड़ बहुत कम हो गई। भीषण लू से बचने के लिए ज्यादातर लोग अपने घरों के अंदर ही रहे।

राज्य के कई हिस्सों में लू लगने के मामले भी सामने आ रहे हैं। इसी स्थिति को देखते हुए कई जिलों के कलेक्टरों ने पहले ही स्कूलों में कक्षाएं स्थगित कर दी थीं। इसके अलावा, बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सरकार ने जनगणना करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जनगणना का काम रोक दिया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia