कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस का निधन, राहुल और प्रियंका गांधी ने बताया निजी नुकसान, पीएम ने भी जताया दुख

ऑस्कर फर्नांडिस का जन्म 27 मार्च 1941 को कर्नाटक के उडुप्पी में हुआ था। वह 1980 में उडुप्पी लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। उसके बाद 1996 तक वह वहां से लगातार सासंद रहे। 1998 में कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा भेजा और तब से वह उच्च सदन का हिस्सा थे।

फाइल फोटोः GettyImages
फाइल फोटोः GettyImages
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का सोमवार को निधन हो गया। 80 साल के ऑस्कर फर्नांडिस पिछले लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और मंगलुरु के अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने मंगलुरू के अस्पताल में ही आखिरी सांस ली।

ऑस्कर फर्नांडिस फिलहाल राज्यसभा सांसद थे। वह यूपीए सरकार में सड़क-परिवहन मंत्री रह चुके थे। यूपीए सरकार के दोनों कार्यकाल में मंत्री रह चुके ऑस्कर फर्नांडिस लंबे वक्त से गांधी परिवार के साथ काम कर रहे थे। राजीव गांधी के वह संसदीय सचिव रह चुके थे।

ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि “श्री ऑस्कर फर्नांडीस जी के परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। वह कांग्रेस पार्टी में हम में से कई लोगों के लिए एक मार्गदर्शक और संरक्षक थे। उनकी कमी खलेगी और उन्हें उनके योगदानों के लिए हमेशा सम्मान से याद किया जाएगा।”


वहीं प्रियंका गांधी ने कहा, “ऑस्कर जी के परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना। आप हमारे दिलों और दुआओं में हैं। वह कांग्रेस पार्टी के सबसे बेहतरीन, सबसे वफादार सैनिकों में से एक थे, हम सभी उन्हें बहुत याद करेंगे।” वहीं यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा कि ऑस्कर फर्नांडीस के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वह महान ज्ञान और दृढ़ संकल्प के व्यक्ति थे। वह कांग्रेस के सबसे दयालु और वफादार सैनिकों में से एक थे। ईश्वर नेक आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा किए गए ट्वीट में कहा गया कि, 'राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडिस के निधन से दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।


बता दें कि ऑस्कर फर्नांडिस का जन्म 27 मार्च 1941 को कर्नाटक के उडुप्पी में हुआ था। 1980 में कर्नाटक की उडुप्पी लोकसभा सीट से वह सांसद चुने गए थे। उसके बाद 1996 तक वह यहां से लगातार जीतते आए। 1998 में कांग्रेस ने उन्हें पहली बार राज्यसभा भेजा और तब से राज्यसभा सांसद की हैसियत से संसद का हिस्सा थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia