नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ, बेटी मल्लिका ने की निधन की पुष्टि, रविवार को होगा अंतिम संस्कार

लंबे समय से बीमार चल रहे वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया है। वह पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कुछ दिन पहले ही विनोद दुआ की मौत की अफवाह भी उड़ी थी, तब उनकी बेटी ने सामने आकर इन खबरों का खंडन किया था।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गय है। वे पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बीते कुछ दिनों से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। कुछ दिन पहले ही विनोद दुआ की मौत की अफवाह भी उड़ी थी, तब उनकी बेटी ने सामने आकर इन खबरों का खंडन किया था।

विनोद दुआ की बेटी मल्लिका दुआ ने आज इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये उनके निधन की जानकारी दी है। मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम पर बताया है कि विनोद दुआ का अंतिम संस्कार रविवार को लोधी श्मशान घाट में किया जाएगा। मल्लिका ने पिता को याद करते हुए लिखा है कि “हमारे बेपरवाह, निडर और असाधारण पिता विनोद दुआ का निधन हो गया। अब वे हमारी मां के साथ हैं, यानी अपनी पत्नी के साथ स्वर्ग में हैं।”


दरअसल, विनोद दुआ की पत्नी का निधन इसी साल कोरोना से हो गया था। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान विनोद दुआ और उनकी पत्नी संक्रमित हो गए थे। दोनों की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विनोद दुआ 7 जून को घर लौट आए थे। हालांकि, उनकी पत्नी का 12 जून को निधन हो गया था।

बता दें कि विनोद दुआ 67 साल के थे। उनका जन्म नई दिल्ली में ही हुआ था। उन्होंने पत्राकिरता के शुरुआती दिनों में दूरदर्शन और एनडीटीवी में काम किया था। 1996 में वह देश में पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार थे, जिन्हें रामनाथ गोयनका अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें 2008 में पत्रकारिता के लिए पद्म श्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। एनडीटीवी पर जायका इंडिया का शो के जरिये उन्होंने व्यंजनो के साथ देश भर की संस्कृति से भी राष्ट्रीय टीवी के जरिये सबको रूबरू कराया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia