दिल्ली में दिवाली की रात कई एक्यूआई निगरानी केंद्र हुए ठप, वायु गुणवत्ता के आंकड़ों पर उठे सवाल
विशेषज्ञों ने कहा कि दिवाली की रात के दौरान प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने के बीच कई प्रमुख निगरानी केंद्रों का आंकड़े देना बंद कर देना गंभीर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों ने सरकारी और निजी निगरानी एजेंसियों के आंकड़ों में बड़े अंतर की ओर भी ध्यान दिलाया।

राजधानी दिल्ली में पिछले पांच वर्ष में इस बार दिवाली पर सबसे अधिक वायु प्रदूषण दर्ज किया गया। यह आंकड़ा प्रदूषण की गंभीरता के आधिकारिक आंकड़ों से कहीं अधिक होने की आशंका है क्योंकि पटाखे जलाए जाने के चरम समय के दौरान रविवार रात में वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाले कई केंद्रों ने काम करना बंद कर दिया। इन निगरानी केंद्रों के ठप हो जाने से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं।
निजी एजेंसियों की ओर से जारी एक्यूआई के आंकड़ों में प्रदूषण की स्थिति सरकारी आंकड़ों की तुलना में कहीं अधिक खराब दिखाई दी। दिल्ली-एनसीआर के अधिकतर हिस्सों में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक दर्ज किया गया, जिसके बाद विशेषज्ञों ने सरकारी आंकड़ों पर संदेह जताया।
वास्तविक समय में आंकड़ों पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों ने कहा कि रात के दौरान प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने के बीच कई प्रमुख निगरानी केंद्रों ने आंकड़े देना बंद कर दिया। इस दौरान उच्चतम न्यायालय द्वारा पटाखे जलाने के लिए निर्धारित की गई समयसीमा की भी अनदेखी की गई। विशेषज्ञों ने सरकारी और निजी निगरानी एजेंसियों के आंकड़ों में बड़े अंतर की ओर भी ध्यान दिलाया।
प्रदूषण के सबसे खराब दौर में विश्वसनीय सरकारी आंकड़े उपलब्ध नहीं होने पर ‘सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट’ (सीएसई) की कार्यकारी निदेशक अनुमिता रॉयचौधरी ने चिंता जताई।उन्होंने कहा कि निगरानी नेटवर्क का वास्तविक समय में आंकड़े उपलब्ध कराने में विफल रहना समझ से परे है, जबकि इसकी स्थापना और रखरखाव पर अच्छी-खासी सरकारी धनराशि लगाई गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता निगरानी नेटवर्क स्थापित करने पर अच्छी-खासी सरकारी धनराशि का निवेश किया गया है। यह देश का सबसे सघन निगरानी नेटवर्क है और इसके संचालन एवं रखरखाव के लिए सक्रिय अनुबंध भी हैं। ऐसे में दिवाली पर प्रदूषण के चरम स्तर के दौरान आंकड़ों का अचानक गायब हो जाना समझ से परे है।’’
रॉयचौधरी ने कहा, ‘‘प्रदूषण के संपर्क में आने की गंभीरता जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, लेकिन संस्थागत जवाबदेही तय करने, लोगों को जागरूक करने और प्रदूषण कम करने के उपायों के लिए विश्वसनीय आधिकारिक आंकड़े जरूरी हैं। आंकड़े उपलब्ध नहीं होने से सार्वजनिक स्वास्थ्य का आपातकाल कम नहीं हो जाता।’’
वहीं, इस मुद्दे पर एक संवाददाता सम्मेलन में सवाल पूछे जाने पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने पत्रकारों से उन वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों का ब्योरा साझा करने को कहा जिनके काम नहीं करने की खबरें हैं। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में कार्रवाई के लिए कहेंगे।
‘सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर’ (सीआरईए) के एक विश्लेषण के अनुसार, सोमवार तड़के प्रदूषण और धुंध के चरम घंटों के दौरान आधी रात से दो बजे के बीच 20 से अधिक निगरानी केंद्र आंकड़े उपलब्ध नहीं करा रहे थे। दिल्ली के 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला कि दिवाली की रात जैसे-जैसे आगे बढ़ी, आंकड़े उपलब्ध नहीं कराने वाले केंद्रों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई और सोमवार तड़के यह अपने चरम पर पहुंच गई।
रविवार शाम सात बजे केवल एक निगरानी केंद्र का आंकड़ा उपलब्ध नहीं था, लेकिन रात 10 बजे तक ऐसे केंद्रों की संख्या बढ़कर सात हो गई और रात 11 बजे तक 23 हो गई। विश्लेषण के अनुसार, आधी रात तक 29 केंद्र आंकड़े नहीं दे रहे थे। सोमवार तड़के एक बजे यह संख्या बढ़कर 36 हो गई। इसका मतलब है कि उस समय शहर के 59 निगरानी केंद्रों में से केवल 23 ही आंकड़े उपलब्ध करा रहे थे।
रात दो बजे भी स्थिति गंभीर बनी रही और 35 केंद्रों के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे। तड़के तीन बजे 30 केंद्र आंकड़े नहीं दे रहे थे, जबकि सुबह चार बजे यह संख्या घटकर 20, पांच बजे 19 और छह बजे 16 रह गई। सुबह के दौरान स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ और सुबह सात बजे केवल 13 केंद्रों के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे और आठ बजे यह संख्या घटकर सात रह गई। सुबह नौ बजे तक केवल दो केंद्र आंकड़े नहीं दे रहे थे, जबकि एक केंद्र पर पूर्वाह्न 11 बजे तक आंकड़े उपलब्ध नहीं हुए।
सोमवार शाम चार बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई घटकर 344 हो गया, जबकि दिवाली के दिन इसी समय यह 376 दर्ज किया गया था। हालांकि, शाम चार बजे केवल 47 निगरानी केंद्रों से आंकड़े मिल रहे थे। इनमें से 40 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ और सात पर ‘खराब’ श्रेणी में थी। बवाना में सबसे खराब एक्यूआई 396 दर्ज किया गया, जबकि बुराड़ी में यह 393 रहा।
विपक्ष ने इस स्थिति को लेकर अधिकारियों पर निशाना साधा। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर ‘‘आंकड़ों में धोखाधड़ी’’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सरकार प्रदूषण के स्तर को कम दिखाने के लिए वायु गुणवत्ता के आंकड़ों में हेरफेर कर रही है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
यह चिंता दिवाली के अगले दिन सोमवार को विभिन्न एजेंसियों की ओर से जारी वायु गुणवत्ता के आंकड़ों में बड़े अंतर के बीच सामने आई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह आठ बजे दिल्ली का एक्यूआई 370 था, जबकि निजी निगरानी केंद्रों ने इससे काफी अलग आंकड़े जारी किए।
स्विट्जरलैंड के वायु गुणवत्ता निगरानी मंच आईक्यूएयर ने सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर अमेरिकी पैमाने के अनुसार एक्यूआई 245 दर्ज किया, जो ‘बेहद अस्वस्थ’ श्रेणी में आता है। इस दौरान पीएम2.5 का स्तर 170 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के वार्षिक दिशानिर्देश मानक से लगभग 34 गुना अधिक था।
इस बीच, ‘एक्यूआई डॉट इन’ ने सोमवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 637 दर्ज किया, जिसे उसने ‘खतरनाक’ श्रेणी में रखा। इस मंच ने यह भी बताया कि दिवाली के बाद शहर का एक्यूआई बढ़कर 2,283 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। आंकड़ों में इस अंतर के कारण एक बार फिर निगरानी नेटवर्क, आंकड़ों की उपलब्धता और सरकारी तथा निजी एजेंसियों के मापदंडों एवं औसत निकालने के तरीकों में अंतर का मुद्दा चर्चा में आ गया।
रविवार को आंकड़े उपलब्ध नहीं होने के मुद्दे पर दिल्ली विश्वविद्यालय के पर्यावरण अध्ययन विभाग के प्रमुख राधेश्याम शर्मा ने कहा कि वायु गुणवत्ता के आंकड़ों में पारदर्शिता जरूरी है, खासकर आपात स्थिति में, जब लोगों को यह जानने के लिए विश्वसनीय जानकारी की जरूरत होती है कि वे प्रदूषण के कितने संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आंकड़ों में पारदर्शिता होनी चाहिए। जवाबदेही का सवाल भी है। हम आपात स्थिति की बात कर रहे हैं, यह बेहद गंभीर आपात स्थिति है।’’
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में पिछले पांच वर्षों के मुकाबले इस बार दिवाली पर सबसे अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया। इस दौरान औसत एक्यूआई 376 रहा। दिवाली के अगले दिन स्थिति में मामूली सुधार हुआ। सोमवार सुबह 10 बजे एक्यूआई 371 दर्ज किया गया, जब पूरी दिल्ली धुंध और कोहरे की चादर में लिपटी रही। दिवाली के अगले दिन दर्ज किया गया 371 का एक्यूआई स्तर भी 2021 के बाद से इस दिन का सबसे खराब स्तर है।
आंकड़े उपलब्ध नहीं होने का यह मामला इससे पहले निगरानी केंद्रों के पास बड़े पैमाने पर पानी का छिड़काव करने वाले यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर उठे विवाद के बाद सामने आया है। आरोप है कि प्रदूषण के स्तर को कम दिखाने के लिए इन यंत्रों का इस्तेमाल किया गया।
आप नेता भारद्वाज ने कहा, ‘‘जहांगीरपुरी के एक्यूआई निगरानी केंद्र के पास लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि औसत प्रदूषण स्तर कम हो जाए। इसी तरह सरकार ने दिवाली की रात एक्यूआई निगरानी केंद्रों को बंद कर दिया और आंकड़ों में धोखाधड़ी की। ऐसी सरकार पर आप कैसे भरोसा कर सकते हैं?’’
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
