विजयन, माणिक सरकार, बेबी, वृंदा और नेहा समेत कई लेफ्ट नेता हिरासत में, SFI कार्यकर्ताओं का भूख हड़ताल का ऐलान

पूर्व सीएम विजयन ने कहा कि सरकार के लोग विपक्ष से डरे हुए हैं। उन्होंने पुलिस पर निर्वाचित प्रतिनिधियों को आवाज उठाने से रोकने के लिए हिरासत में लेने और उन्हें घंटों तक सड़कों पर घुमाने का आरोप लगाया। विजयन ने कहा कि सरकार की ‘घबराहट’ साफ दिखाई दे रही है।

विजयन, माणिक सरकार, बेबी, वृंदा और नेहा समेत कई लेफ्ट नेता हिरासत में, SFI कार्यकर्ताओं का भूख हड़ताल का ऐलान
i

पूर्व सीएम पिनराई विजयन और माणिक सरकार हिरासत में

सीपीएम महासचिव एम ए बेबी और वृंदा करात भी हिरासत में

दीपांकर, नेहा, योगेंद्र और प्रशांत भूषण भी हिरासत में लिए गए

विजयन ने कहा- सरकार की ‘घबराहट’ साफ दिखाई दे रही है

दिल्ली में आज वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार, सीपीएम के महासचिव एम. ए. बेबी और पार्टी की वरिष्ठ नेता वृंदा करात समेत कई वामपंथी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इन नेताओं को तब हिरासत में लिया जब वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे।

दीपांकर, नेहा, योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण भी हिरासत में

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा और सामाजिक कार्यकर्ताओं योगेंद्र यादव एवं प्रशांत भूषण को भी एक अलग विरोध मार्च के दौरान हिरासत में लिया गया। आइसा के कई सदस्यों के साथ मिलकर ये कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारे लगाते हुए सफदरजंग फ्लाईओवर की ओर मार्च कर रहे थे, तभी दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। माले के नेता बालाजी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों को अलग-अलग वाहनों में ले जाया जा रहा है।

विजयन का दावा- सरकार की घबराहट साफ दिख रही है

राष्ट्रीय राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और जगह-जगह अवरोधक लगाए जाने के बीच एम ए बेबी, बृंदा करात और अन्य नेताओं ने केरलम भवन से प्रदर्शन स्थल की ओर जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें बाहर ही हिरासत में ले लिया। सीपीएम के कुछ नेता रातभर केरलम भवन में ठहरे थे। नेताओं ने हिरासत में लिए जाने से पहले सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें बसों में बैठाया और वहां से ले गई। करात ने कहा कि उन्होंने ‘‘अमित शाह, देखो हम जंतर-मंतर आ गए’’ के नारे लगाए।

वहीं पूर्व सीएम विजयन ने बाद में दावा किया कि सरकार के लोग विपक्ष से डरे हुए हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपनी आवाज उठाने से रोकने के लिए हिरासत में लेने और उन्हें एक घंटे तक सड़कों पर घुमाने का आरोप लगाया। विजयन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस तरह की दमनकारी कार्रवाई हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है, लेकिन हम इससे डरने वाले नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा कि सरकार की ‘‘घबराहट’’ साफ दिखाई दे रही है।


हिरासत में एसएफआई कार्यकर्ताओं का अनशन का एलान

इस बीच, राज्यसभा सदस्य ए. ए. रहीम ने हिरासत में लिए गए ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं के साथ नांगलोई स्टेडियम में भूख हड़ताल करने की घोषणा की। वहां करीब 300 छात्रों को हिरासत में रखा गया था। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले दिल्ली पुलिस के एक निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाए और वह माफी मांगे। उन्होंने पुलिस पर उनके मोबाइल फोन और बैग गैरकानूनी तरीके से लेने का आरोप लगाते हुए उन्हें वापस करने की भी मांग की।

माणिक सरकार को भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) के अखिल भारतीय महासचिव एलामारम करीम, छात्र कार्यकर्ताओं और श्रमिक संगठनों के नेताओं के साथ बवाना स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में हिरासत में लिया गया। सीपीएम ने एक बयान में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के अधीन काम करने वाली दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी को किले में तब्दील कर दिया और प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले लोगों को हिरासत में ले लिया।

इसे भी पढ़ेंः मोदी, शाह, ज्ञानेश के चारों तरफ सिमट रहा है दायरा, संविधान पर हमला करने वालों को शिकस्त देंगे: राहुल गांधी

सीपीएम ने पुलिस पर धक्का-मुक्की का आरोप लगाया

बयान में कहा गया, ‘‘तमाम कोशिशों के बावजूद भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और विभिन्न छात्र और युवा संगठनों के नेतृत्व में सैकड़ों युवा और छात्र पुलिस की सख्ती और अवरोधकों का सामना करते हुए प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।’’

सीपीएम ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें जबरन बसों में बैठाया, जिससे कई लोग घायल हो गए। बयान में कहा गया, ‘‘डीवाईएफआई और एसएफआई के सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने में पुलिस को दो घंटे से अधिक समय लगा। इससे ही पता चलता है कि युवाओं ने कितना कड़ा विरोध किया।’’

इसे भी पढ़ेंः सत्ता की तानाशाही के खिलाफ गूंज उठी है रणभेरी, अब अंत ज्यादा दूर नहीं


लोकतंत्र को बचाने के लिए आंदोलन जारी रहेगा

सीपीएम ने कहा कि जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल है और वहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिया जाना सरकार की असहिष्णुता को दर्शाता है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों के विरोध प्रदर्शन करने के संवैधानिक अधिकार को सीमित करने की कोशिश कर रही है। इसने बयान में कहा, ‘‘लोकतंत्र को बचाने और भारत निर्वाचन आयोग जैसी सरकारी संस्थाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आंदोलन जारी रहेगा।’’

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं और चुनाव चोरी को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसके मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में बड़े पैमाने पर पाबंदियां लगाए जाने के बीच वामपंथी नेताओं को हिरासत में लिया गया।

इसे भी पढ़ेंः वोट चोरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के बीच संजय राउत का बड़ा दावा- मार्च-अप्रैल तक गिर जाएगी सरकार