दिल्ली के कई स्कूलों को फिर मिली बम की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
डीएफएस अधिकारी ने कहा, "स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और अग्निशमन विभाग की टीम को तुरंत रवाना किया गया और सुरक्षा जांच जारी है।"

दिल्ली स्थित सरदार पटेल विद्यालय और सलवान पब्लिक स्कूल सहित कम से कम तीन स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले, जिसके बाद कई सुरक्षा एजेंसियां इन परिसरों में पहुंचीं और गहन तलाशी अभियान चलाया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
स्कूल प्रशासन ने इस मामले की सूचना अग्निशमन विभाग और पुलिस को दी।
डीएफएस अधिकारी ने कहा, "स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और अग्निशमन विभाग की टीम को तुरंत रवाना किया गया और सुरक्षा जांच जारी है।"
उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग को अब तक दो स्कूलों से दो फोन आए हैं। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है जबकि सुरक्षाकर्मी कक्षाओं, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की जांच कर रहे हैं।
अधिकारी के अनुसार अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
सरदार पटेल विद्यालय ने अभिभावकों को भेजे एक संदेश में सूचित किया है कि छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
संदेश के अनुसार, "आज सुबह स्कूल को सुरक्षा संबंधी धमकी मिली। जिसके बाद पुलिस आवश्यक सुरक्षा उपायों के लिए स्कूल में मौजूद है। सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।"
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia